Last Updated:
बेंगलुरु में ससुराल के सात लोगों की हत्या के मामले में पुलिस की शुरुआती जांच ने सनसनीखेज खुलासा किया है. आरोप है कि इंदुशेखर ने पहले पत्नी सुनीता को सिलबट्टे से मार डाला और उसका शव नंदी हिल्स के पास फेंक दिया. फिर अगले दिन दोनों सालों को पार्टी के बहाने घर बुलाया. पुलिस के मुताबिक उसने उनके साथ परिवार के दूसरे सदस्यों की भी हत्या की. शवों को बेंगलुरु और आसपास के इलाकों में ठिकाने लगाने की आशंका है. फिलहाल एक बच्चे का शव बरामद हुआ है. बाकी शवों की तलाश जारी है.
बेंगलुरु में दामाद पर ससुराल के सात लोगों की हत्या का आरोप. (फोटो NW18)
बेंगलुरु के श्रीरामपुरा में एक शख्स पर अपने ही ससुराल के सात लोगों की हत्या करने का आरोप है. पुलिस की शुरुआती जांच में जो कहानी सामने आई है वह रिश्तों में लंबे समय से चल रहे तनाव और एक खौफनाक साजिश की ओर इशारा करती है. आरोप है कि इंदुशेखर ने पहले अपनी पत्नी सुनीता को सिलबट्टे से वार कर मार डाला. फिर उसका शव कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास फेंक आया. इसके बाद उसने ऐसा रास्ता अपनाया जिससे किसी को उस पर शक न हो. पत्नी का मोबाइल बंद कर दिया और पड़ोसियों से कह दिया कि वह घूमने गई है. अगले दिन उसने अपने दो सालों को पार्टी के बहाने घर बुलाया. आरोप है कि वहां भी उसने सिलबट्टे से हमला किया. इसके बाद परिवार के बाकी सदस्यों को भी निशाना बनाया गया.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार इस वारदात में सुनीता के अलावा उसकी मां रूपावती, भाई शिवकुमार और शंकर, दोनों भाइयों की पत्नियां दिव्या और शंकर का सात साल का बेटा पुनीत मारे गए. पुलिस के मुताबिक फिलहाल पुनीत का शव बरामद हुआ है. बाकी लोगों के शव बेंगलुरु और आसपास के इलाकों में अलग-अलग जगह फेंके जाने की आशंका है. इनमें चिकबल्लापुर जिला भी शामिल है. पुलिस को शक है कि करीब 20 साल से शादीशुदा सुनीता और इंदुशेखर के बीच उसके मायके जाने को लेकर अक्सर झगड़े होते थे. परिवार के लोगों ने सुलह कराने की कोशिश भी की थी लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ. अब पुलिस इसी घरेलू विवाद को हत्याओं की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है.
पहले पत्नी की हत्या की और नंदी हिल्स के पास फेंका शव
पार्टी के बहाने दोनों सालों को घर बुलाया
आरोप है कि अगले दिन इंदुशेखर ने पत्नी के दोनों भाइयों शिवकुमार और शंकर को घर पर पार्टी के लिए बुलाया. दोनों के घर पहुंचने के बाद उसने कथित तौर पर सिलबट्टे से हमला कर उनकी हत्या कर दी. पुलिस सूत्रों के अनुसार इसके बाद दोनों की पत्नियों दिव्या और सास रूपावती को भी मार डाला गया. शंकर के सात साल के बेटे पुनीत की भी हत्या कर दी गई.
कहां फेंके गए बाकी शव? पुलिस कर रही तलाश
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने शवों को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाया. सुनीता का शव नंदी हिल्स के पास फेंके जाने की बात सामने आई है. बाकी शवों को बेंगलुरु और आसपास के इलाकों में फेंके जाने का शक है. चिकबल्लापुर जिले में भी तलाश की जा रही है. अभी तक पुलिस ने पुनीत का शव बरामद किया है. बाकी शवों की तलाश और वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने के लिए जांच जारी है.
मायके जाने को लेकर होता था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक सुनीता और इंदुशेखर की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी. दोनों के बीच सुनीता के मायके जाने को लेकर अक्सर बहस होती थी. आरोपी को कथित तौर पर यह बात पसंद नहीं थी कि सुनीता की मां और भाई उसका साथ देते थे. परिवार के सदस्यों ने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी. पुलिस इसी लंबे घरेलू विवाद को सात हत्याओं की संभावित वजह मान रही है.