जिले के किस्को प्रखंड के चरहु स्थित राजकीयकृत उर्दू उच्च विद्यालय में बच्चों से पढ़ाई के दौरान श्रम कराने का मामला सामने आया है। विद्यालय प्रबंधन समिति के पूर्व अध्यक्ष व वर्तमान सदस्य अहमद रजा ने सोमवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी लोहरदगा को लिखित शिकायत देकर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक भिखराम भगत पर छात्रों से जबरन मजदूरी कराने का आरोप लगाया है। शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी विभागीय व कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत पत्र में कहा गया है कि शिक्षक द्वारा छात्रों से पढ़ाई के समय मिट्टी भरवाना, कबाड़ी का काम कराना तथा अन्य निजी कार्य कराए जाते हैं। आरोप है कि काम करने से इनकार करने पर बच्चों को डांटा-फटकारा जाता है और धमकाया भी जाता है। शिकायतकर्ता ने तीन छात्रों का नाम भी पत्र में उल्लेखित करते हुए दावा किया है कि विद्यालय में इस तरह की गतिविधियों के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अहमद रजा ने शिकायत में कहा है कि विद्यालय शिक्षा का केंद्र है, जहां बच्चों के मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास पर ध्यान दिया जाना चाहिए। ऐसे में छात्रों से श्रम कराना शिक्षा के उद्देश्य के विपरीत है। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने व भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
Source link