![]()
हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र स्थित तापीन साउथ CCL परियोजना से अपहृत आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है। उन्हें चंदवारा थाना क्षेत्र से छुड़ाया गया। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अपहरण में इस्तेमाल की गई क्रेटा और स्कॉर्पियो गाड़ियां भी जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात बीती रात करीब 8:30 बजे हुई थी। करीब 35 वर्षीय भास्कर कुमार धनबाद निवासी पंकज कुमार सिंह के बेटे हैं। वे तापीन साउथ CCL परियोजना में काम करने वाली NEPL आउटसोर्सिंग कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में कार्रवाई शुरू कर दी गई। तकनीकी जानकारी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस ASP अमित कुमार ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलने के बाद हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच और मैनेजर की सुरक्षित बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार और विष्णुगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। इसमें चरही थाना प्रभारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और तकनीकी समेत अन्य जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि आरोपी काले रंग की क्रेटा कार और दो काली स्कॉर्पियो से पहुंचे थे। उन्होंने मैनेजर को जबरन गाड़ी में बैठाया और अपने साथ ले गए। पुलिस ने बताया कि चौपारण थाना क्षेत्र के भटबिघा निवासी राजेश यादव अपने साथियों के साथ इस वारदात में शामिल था। पांच आरोपी गिरफ्तार, दो गाड़ियां जब्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र से एक स्कॉर्पियो और चंदवारा थाना क्षेत्र से क्रेटा कार जब्त की। इसी कार्रवाई के दौरान अपहृत मैनेजर भास्कर कुमार को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जब्त क्रेटा का रजिस्ट्रेशन नंबर JH02BK-3586 है, जबकि एक स्कॉर्पियो का नंबर JH02AU-4625 बताया गया है। पुलिस ने इस मामले में राजेश यादव (चौपारण), विक्की कुमार (ईचाक), आनंद कुमार मेहता (ईचाक), दिलीप प्रसाद मेहता (मुफस्सिल) और मनीष कुमार (ईचाक) को गिरफ्तार किया है। मामले में चरही थाना कांड संख्या 88/26 के तहत BNS की धारा 140(3)/3(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
Source link