भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

‘हरियाणा में सीएम बदलकर जीती बीजेपी’ राजस्थान पंचायत चुनाव में हार पर...


Last Updated:

राजस्थान में पंचायत चुनावों में बीजेपी के खराब प्रदर्शन के बाद कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के बयान ने नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को हवा दे दी. उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा था कि मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाने के बाद बीजेपी ने फिर जीत हासिल की. इस बयान को राजस्थान में भी मुख्यमंत्री बदलने के संकेत के तौर पर देखा जाने लगा. हालांकि विवाद बढ़ने पर मीणा ने सफाई दी कि भजनलाल शर्मा अच्छा काम कर रहे हैं और बीजेपी उन्हीं के नेतृत्व में 2028 का चुनाव जीतेगी.

'हरियाणा में सीएम बदलकर जीती बीजेपी' किरोड़ी लाल मीणा ने अब बयान पर दी सफाईZoom

किरोड़ी लाल मीणा ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व पर सवाल उठाना नहीं था.

राजस्थान में पंचायत चुनावों में बीजेपी के उम्मीद से कमजोर प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर हार के कारणों को लेकर मंथन जारी है. इसी बीच कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के एक बयान ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी. उन्होंने हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाए जाने का उदाहरण देते हुए कहा कि नेतृत्व का चेहरा बदलने से चुनावी नतीजे भी बदल सकते हैं. उनके इस बयान को राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की पैरवी के तौर पर देखा जाने लगा. हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद मीणा ने सफाई देते हुए साफ कर दिया कि उनका इरादा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व पर सवाल उठाना नहीं था.

दरअसल, पंचायत चुनावों में बीजेपी के प्रदर्शन को लेकर सवालों के बीच किरोड़ी लाल मीणा पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात करने पहुंचे थे. यहां मीडिया ने उनसे सवाल किया कि पंचायत चुनावों में बीजेपी के कमजोर प्रदर्शन की वजह क्या रही? इस पर उन्होंने कहा कि हार के कारणों का अभी पता नहीं है. पार्टी मंथन और समीक्षा करेगी, कमियों को दूर करेगी और फिर से जनता का विश्वास जीतने की कोशिश करेगी.

मीणा ने यह भी कहा कि चुनाव में मिली हार की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से सभी को लेनी चाहिए. वहीं इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि पंचायत चुनावों के नतीजों का आगामी विधानसभा चुनाव पर कितना असर पड़ सकता है, तो उन्होंने हरियाणा का उदाहरण दे दिया.

खट्टर की जगह सैनी को लाने का दिया था उदाहरण

किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि चेहरे में बदलाव करके भी चुनाव जीता जा सकता है. उन्होंने हरियाणा का जिक्र करते हुए बताया कि वहां बीजेपी ने मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद से हटाकर नायब सिंह सैनी को जिम्मेदारी सौंपी थी. इसके बाद पार्टी ने विधानसभा चुनाव में फिर से जीत हासिल की.

उन्होंने सीधे तौर पर राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की मांग नहीं की थी, लेकिन उनके बयान को इसी संकेत के तौर पर देखा जाने लगा. राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि क्या पंचायत चुनावों में अपेक्षा के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद राजस्थान बीजेपी में भी नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठ रही है? विपक्ष ने भी इस बयान को भजनलाल सरकार और बीजेपी की अंदरूनी खींचतान से जोड़कर देखना शुरू कर दिया.

विवाद बढ़ा तो दी सफाई

अपने बयान पर सियासी चर्चा तेज होते देख किरोड़ीलाल मीणा ने सफाई जारी की. इसके बाद मीडिया के सामने भी उन्होंने कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया. उनका कहना था कि हरियाणा का उदाहरण देने का मकसद सिर्फ यह बताना था कि बीजेपी परिस्थितियों के हिसाब से रणनीति बनाकर चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर सकती है.

मीणा ने साफ किया कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार अच्छा काम कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी 2028 का विधानसभा चुनाव भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ही लड़ेगी और प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी. इस बयान के जरिए उन्होंने अपने पहले बयान से निकाले जा रहे नेतृत्व परिवर्तन के संकेतों को खारिज करने की कोशिश की.

About the Author

साद बिन उमर

साद बिन उमर मीडिया इंडस्ट्री में 15 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं, जहां वे होम पेज डेस्क पर काम करते हैं.

कहां से …

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top