Last Updated:
Jamshedpur South Indian Tiffin Point : जमशेदपुर में कुमार राव साउथ इंडियन टिफिन पॉइंट 70 साल से लोगों को स्वादिष्ट नाश्ता परोस रहा है. सुबह 4 बजे खुलने वाली इस दुकान पर इडली, वडा और उपमा मिलता है, जिसकी कीमत 25 रुपये है. यहां सुबह से ही स्वाद के दीवानों की भीड़ लग जाती है.
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर को औद्योगिक नगरी कहा जाता है. यह शहर दिन हो या रात, हमेशा गतिविधियों से भरा रहता है. शहर के लोग सुबह से ही अपने काम पर निकल जाते हैं. ऐसे में अगर किसी को तड़के सुबह स्वादिष्ट और हल्का नाश्ता मिल जाए तो दिन की शुरुआत और भी अच्छी हो जाती है. यही वजह है कि नीलडीह गोल चक्कर के सामने स्थित कुमार राव साउथ इंडियन टिफिन पॉइंट लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है. यह दुकान रोजाना सुबह 4 बजे खुल जाती है और यहां नाश्ता करने वालों की भीड़ लगने लगती है. आइये जानते हैं इस फेसम दुकान के बारे में.
70 साल से बादशाहत है कायम
कुमार राव बताते हैं कि उनकी दुकान करीब 70 वर्षों से लोगों को साउथ इंडियन नाश्ता परोस रही है. समय के साथ शहर में बहुत कुछ बदल गया, लेकिन इस दुकान का स्वाद और गुणवत्ता आज भी पहले जैसी ही बनी हुई है. सबसे खास बात यह है कि इस कारोबार को परिवार की तीन पीढ़ियां आगे बढ़ा रही हैं और आज भी वही पारंपरिक मसाले और बनाने की विधि अपनाई जाती है, जिसने इस दुकान को पहचान दिलाई है.
यहां दुकान में मुख्य रूप से इडली, वडा और उपमा ही तैयार किया जाता है. सीमित मेन्यू होने के बावजूद लोगों की पसंद में कोई कमी नहीं आई है. यहां 2 पीस इडली या वडा की कीमत मात्र 25 रुपये है, जिससे यह नाश्ता हर वर्ग के लोगों की पहुंच में है. ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, कॉलेज और स्कूल के छात्र, व्यापारी तथा सुबह की सैर करने वाले लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं.
बता दें कि सुबह होते-होते दुकान के बाहर लंबी कतार लग जाती है. कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि लोगों को अपनी बारी आने के लिए आधे घंटे से लेकर 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है. भीड़ इतनी अधिक रहती है कि कई बार नाश्ता खत्म होने के बाद कुछ लोगों को निराश होकर लौटना भी पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां का स्वाद ही ऐसा है, जिसके कारण वे बार-बार यहां आते हैं.
दुकान पर हमेशा लगी रहती है लंबी लाइन
वहीं, नाश्ता करने आए परमजीत बताते हैं कि उन्होंने शहर के कई स्थानों पर साउथ इंडियन व्यंजन खाए हैं, लेकिन कुमार राव के यहां मिलने वाला स्वाद अलग ही है. उनके अनुसार, चाहे कितनी भी देर इंतजार करना पड़े, यहां की इडली और वडा खाने के बाद सारी थकान और इंतजार का एहसास खत्म हो जाता है. यही कारण है कि वर्षों से लोग इस दुकान पर भरोसा करते आ रहे हैं. सुबह 4 बजे से शुरू होकर शाम 7 बजे तक चलने वाली यह दुकान केवल एक नाश्ता केंद्र नहीं, बल्कि जमशेदपुर की एक पुरानी पहचान बन चुकी है. सात दशक पुरानी यह विरासत आज भी अपने स्वाद और गुणवत्ता के दम पर लोगों के दिलों पर राज कर रही है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…
और पढ़ें