![]()
10 लाख रुपए का इनामी माओवादी संजय गोदाराम मुंबई में गिरफ्तार हुआ है। पलामू पुलिस की विशेष टीम उसे पलामू लाने के लिए मुंबई रवाना हो गई है। संजय गोदाराम यादव उर्फ संजय गोदाराम पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र की दिनादाग पंचायत के रेंगनिया गांव का निवासी है। वह प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन में जोनल कमेटी का सदस्य है। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से तलाश में थी पुलिस के मुताबिक, संजय का नाम पुलिस के साथ मुठभेड़, लेवी वसूली और इलाके में दहशत फैलाने के मामलों में रहा है। वह 20 साल से अधिक समय से माओवादी संगठन में सक्रिय था। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं। उसे पकड़ने के लिए पलामू पुलिस बिहार-झारखंड सीमा पर तलाशी अभियान चला रही थी। पुलिस उसके घर पर सरेंडर करने के लिए इश्तहार भी चिपका चुकी थी। करीब आठ साल पहले उग्रवादी संगठन टीपीसी ने संजय का घर जला दिया था। मुंबई में गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पलामू लाने की तैयारी है। हालांकि, पलामू पुलिस के अधिकारी फिलहाल गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। संजय की गिरफ्तारी के बाद झारखंड में इनामी माओवादियों की संख्या पांच रह गई है। पुलिस को उससे संगठन में बचे साथियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। संजय गोदाराम नितेश यादव के दस्ते का सदस्य रहा है सुरक्षा एजेंसियों की सूची में झारखंड-बिहार के पांच प्रमुख इनामी माओवादी शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 15 लाख रुपए का इनाम गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के तरवाडीह निवासी नितेश यादव उर्फ इरफान उर्फ नन्दू उर्फ किरानी पर है। संजय गोदाराम नितेश यादव के दस्ते का सदस्य रहा है। लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के नगराटोला हेम्ब्ररवार निवासी मनोहर गंझू उर्फ सोहन गंझू उर्फ दिनेश गंझू पर 10 लाख रुपए का इनाम है। गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के झिंगुरा गांव निवासी पंकज कोरवा और डंडई थाना क्षेत्र के लावाही निवासी राजू भुइयां पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम घोषित है।
Source link