Last Updated:
Jharkhand Bus Fare Hike: झारखंड में बस ऑनर्स एसोसिएशन ने राज्यभर में बस किराया 18 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है. ऐसे में अब रांची से देवघर, दुमका, गढ़वा, पलामू, जमशेदपुर समेत कई रूट पर एसी किराया में भारी बढ़ोतरी हुई है. एसी बस से सफर करने वालों की अब जेब ढ़ीली ही पड़ जाएगी.
झारखंड में बस यात्रियों के किराए में 18% की बढ़ोतरी ( एआई फोटो )
रांची: झारखंड में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब अपनी जेब और ज्यादा ढीली करनी होगी. क्योंकि राज्यभर में बस किराए में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है. यह फैसला झारखंड बस ऑनर्स एसोसिएशन ने चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक में लिया है. बस संचालकों का कहना है कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण परिचालन लागत काफी बढ़ गई है, जिसके चलते किराया बढ़ाना जरूरी हो गया था. हालांकि इसके बढ़ने से आम यात्रियों में नाराजगी है.
झारखंड में एसी बस के किराए में हुई लंबी बढ़ोतरी
बता दें कि नई दरों के लागू होने के बाद झारखंड के विभिन्न जिलों के बीच चलने वाली एसी बसों का किराया भी बढ़ गया है. सबसे अधिक असर लंबी दूरी के यात्रियों पर पड़ेगा, जिन्हें अब पहले की तुलना में ज्यादा भुगतान करना होगा. जहां नई दरों के अनुसार रांची से गढ़वा जाने वाली एसी बस का किराया 400 रुपये से बढ़कर 470 रुपये हो गया है. वहीं, रांची से पलामू जाने वाले यात्रियों को अब 350 रुपये की जगह 415 रुपये चुकाने होंगे. इससे पश्चिमी झारखंड के यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा.
देवघर से दुमका का किराया हुआ 650 रुपये
रांची से जमशेदपुर का एसी बस किराया 300 रुपये से बढ़कर 355 रुपये कर दिया गया है। इसी तरह रांची से धनबाद और चाईबासा जाने वाली एसी बसों का किराया 350 रुपये से बढ़कर 415 रुपये हो गया है. इसके अलावा संथाल परगना क्षेत्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक किराया वृद्धि का सामना करना पड़ेगा. रांची से देवघर और दुमका का एसी बस किराया 550 रुपये से बढ़ाकर 650 रुपये कर दिया गया है. यानी एक तरफ के सफर में यात्रियों को 100 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे.
यात्रियों में नाराजगी, बस संचालकों ने दी सफाई
रांची से बोकारो का किराया 250 रुपये से बढ़कर 295 रुपये कर दिया गया है. वहीं हजारीबाग जाने वाले यात्रियों को अब 200 रुपये की जगह 235 रुपये चुकाने होंगे. वहीं, किराया बढ़ने की खबर के बाद यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है. हालांकि बस संचालकों का कहना है कि ईंधन, स्पेयर पार्ट्स और मेंटेनेंस की लागत में लगातार वृद्धि के कारण यह फैसला लेना मजबूरी बन गया था. उनका दावा है कि बढ़ी हुई दरों के बावजूद यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
नई दरें जल्द होंगी लागू
झारखंड बस ऑनर्स एसोसिएशन के अनुसार बढ़ा हुआ किराया जल्द ही राज्यभर में लागू कर दिया जाएगा. ऐसे में आने वाले दिनों में बस से सफर करने वाले यात्रियों को नई दरों के अनुसार टिकट खरीदनी होगी. वहीं, 18% की बढ़ोतरी की वजह से यात्रियों में भारी नाराजगी है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें