Last Updated:
पलामू के चेड़ाबार गांव का ग्रामीण हाट सिर्फ 20 किलो टमाटर से शुरू हुआ था. अब जिला प्रशासन सैकड़ों महिलाओं के इस हाट को आधुनिक शेड देगा. लोकल 18 की खबर के बाद उपायुक्त ने इसके निर्देश दिए हैं. प्रशासन ने स्थल चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इससे आत्मनिर्भर महिलाओं को सुरक्षित बाजार मिलेगा.
पलामूः चैनपुर प्रखंड के चेड़ाबार गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ग्रामीण हाट को लेकर प्रकाशित खबर का सकारात्मक असर देखने को मिला है. लंबे समय से खुले आसमान के नीचे सब्जियां और अन्य उत्पाद बेचने को मजबूर महिलाओं की मांग अब पूरी होने की दिशा में बढ़ गई है. उपायुक्त के निर्देश पर ग्रामीण हाट में शेड निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रशासन ने स्थल चयन और जांच की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी है, जिससे जल्द ही महिलाओं को बेहतर बाजार सुविधा मिल सकेगी.
ग्रामीण हाट महिला सशक्तिकरण की एक सफल मिसाल बन चुका है. स्वयं सहायता समूह की महिलाएं दीदी बाड़ी योजना के तहत उगाई गई सब्जियों और अन्य उत्पादों की बिक्री यहीं करती हैं. इससे उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए शहर नहीं जाना पड़ता और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर बाजार उपलब्ध हो जाता है. इस पहल ने महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी दिया है.
लोकल 18 पर चली थी खबर
बता दें कि लोकल18 में चली खबर में दिखाया गया था कि इस हाट की शुरुआत वर्ष 2022 में एक साधारण बैठक से हुई थी. बैठक के दौरान एक महिला ने बताया कि उसके पास 15 से 20 किलो टमाटर है, जिसे बेचने के लिए उसे डालटनगंज जाना पड़ेगा. इस पर समूह की अन्य महिलाओं ने मिलकर उसका पूरा टमाटर खरीद लिया. संयोग से उस दिन गुरुवार था. तभी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक गुरुवार को गांव में ही ग्रामीण हाट लगाया जाएगा, ताकि किसी भी महिला को अपनी उपज बेचने के लिए दूर न जाना पड़े. आज यह छोटी पहल सैकड़ों महिलाओं के लिए आजीविका का मजबूत माध्यम बन चुकी है.
खबर में ये भी बताया गया कि बाजार खुली जगह पर लगने के कारण बरसात और तेज धूप में महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. लंबे समय से महिलाएं शेड निर्माण की मांग कर रही थीं, ताकि मौसम की मार से बचते हुए वे नियमित रूप से अपना कारोबार कर सकें. जहां महिलाओं ने मांग किया कि शेड बन जाता तो हमारे लिए दुकान चलाना आसान हो जाता है. जिसके बाद अब शेड बनने का प्रक्रिया शुरू कर दिया गया है.
डीपीएम ने क्या कहा?
डीपीएम अनीता केरकेट्टा ने बताया कि चेड़ाबार गांव में वर्ष 2022 से महिलाएं ग्रामीण हाट का संचालन कर रही हैं. जिसे लेकर खबर न्यूज18 पर चली जहां महिलाओं की शेड की मांग को प्रमुखता से उठाए जाने और इस संबंध में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया. मामला उपायुक्त तक पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने शेड निर्माण के लिए समिति गठित कर आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया. अंचल अधिकारी को स्थल निरीक्षण और रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है. रिपोर्ट मिलने के बाद स्थल का अंतिम चयन कर ग्रामीण हाट में शेड का निर्माण कराया जाएगा. इससे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सुरक्षित और स्थायी बाजार की सुविधा मिल सकेगी.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.