Last Updated:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा के जींद से वर्चुअल माध्यम से पनकी धाम रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इस स्टेशन को पूरी तरह नए और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है. पनकी धाम के साथ फतेहपुर और विंध्याचल रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन किया जाएगा. सबसे खास बात यह है कि पनकी धाम स्टेशन का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही किया था और अब वही इसका लोकार्पण भी कर रहे हैं. रेलवे अधिकारियों ने कार्यक्रम को लेकर अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और स्टेशन परिसर को सजाया गया है.
कानपुर: कानपुर के लोगों के लिए आज का दिन खास होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हरियाणा के जींद से वर्चुअल माध्यम से पनकी धाम रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इस स्टेशन को पूरी तरह नए और आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है. पनकी धाम के साथ फतेहपुर और विंध्याचल रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन किया जाएगा. सबसे खास बात यह है कि पनकी धाम स्टेशन का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही किया था और अब वही इसका लोकार्पण भी कर रहे हैं. रेलवे अधिकारियों ने कार्यक्रम को लेकर अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और स्टेशन परिसर को सजाया गया है.
अब पनकी धाम स्टेशन पर मिलेगा एयरपोर्ट जैसा अनुभव
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार हुआ पनकी धाम स्टेशन अब पहले से बिल्कुल अलग नजर आता है. स्टेशन को आधुनिक डिजाइन और बेहतर यात्री सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है ताकि यात्रियों को कानपुर सेंट्रल जैसी भीड़भाड़ का सामना न करना पड़े और पश्चिमी कानपुर के लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर रेल सुविधा मिल सके.स्टेशन पर दो मंजिला आधुनिक भवन बनाया गया है. इसके अलावा बड़ा प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाउंज, आधुनिक टिकटिंग एरिया, नए और विस्तारित प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय और बेहतर पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है. यात्रियों को ट्रेन की जानकारी देने के लिए उन्नत यात्री सूचना प्रणाली भी लगाई गई है.
फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और रैंप जैसी सुविधाएं भी होंगी उपलब्ध
यात्रियों की आसान आवाजाही को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर करीब 40 फीट चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया गया है. वहीं दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग 20 फीट चौड़ा रैंप विकसित किया गया है. स्टेशन पर लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी.स्टेशन परिसर के करीब 4500 वर्गमीटर क्षेत्र को सर्कुलेटिंग एरिया के रूप में विकसित किया गया है. यहां अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग, हरित क्षेत्र और बाधारहित आवागमन की व्यवस्था की गई है.
कानपुर सेंट्रल का दबाव कम करने में निभाएगा बड़ी भूमिका
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक पनकी धाम स्टेशन को विकसित करने का उद्देश्य कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बढ़ रहे यात्रियों के दबाव को कम करना और शहर के पश्चिमी तथा उपनगरीय क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराना है. वर्ष 1981 में स्थापित इस स्टेशन का महत्व पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है.वर्तमान में यहां श्रमशक्ति एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस और आगरा इंटरसिटी समेत कई ट्रेनों का ठहराव होता है. रेलवे अब आने वाले दिनों में और अधिक ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी विचार कर रहा है, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सके.प्रधानमंत्री मोदी के हाथों लोकार्पण के साथ ही पनकी धाम स्टेशन अब सिर्फ एक रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि पश्चिमी कानपुर की नई पहचान और आधुनिक रेल सुविधाओं का नया केंद्र बनकर उभरेगा.
About the Author
मैं रजनीश कुमार यादव, 2019 से पत्रकारिता से जुड़ा हूं. तीन वर्ष अमर उजाला में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया. तीन वर्षों से न्यूज18 डिजिटल (लोकल18) से जुड़ा हूं. ढाई वर्षों तक लोकल18 का रिपोर्टर रहा. महाकुंभ 2025 …और पढ़ें