भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

45 साल की सेवा की सेवा के लिए सम्मान, देवघर के इस...


Last Updated:

देवघर जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सिकंदर सिंह को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की ओर से दिल्ली में बेस्ट डॉक्टर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में 45 वर्षों की सेवा, ईमानदार इलाज और समाज के प्रति उनके योगदान के लिए दिया जा रहा है. डॉ. सिकंदर सिंह लंबे समय से मरीजों का भरोसा जीतते आ रहे हैं. चिकित्सा सेवा के साथ-साथ उनके सामाजिक कार्यों को भी काफी सराहा जाता है.

देवघर: आज के दौर में जब मरीज अक्सर महंगे इलाज, अनावश्यक जांच और डॉक्टरों के पास कम समय मिलने की शिकायत करते हैं, ऐसे समय में देवघर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सिकंदर सिंह पिछले 45 वर्षों से लोगों के बीच भरोसे का दूसरा नाम बने हुए हैं. हजारों मरीजों के लिए डॉ. सिकंदर सिंह सिर्फ एक डॉक्टर नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह हैं. यही कारण है कि कई मरीज पिछले 30 से 35 वर्षों से लगातार उन्हीं से इलाज करवा रहे हैं. मरीजों का कहना है कि डॉ. सिकंदर सिंह बीमारी के साथ-साथ मरीज की आर्थिक स्थिति और मानसिक परेशानियों को भी समझते हैं. उनका सरल स्वभाव, मरीजों को पूरा समय देना और जरूरत के अनुसार ही दवा व जांच लिखना उन्हें अन्य चिकित्सकों से अलग पहचान दिलाता है.

आईएमए की ओर से होंगे सम्मानित
देवघर जिले के लिए यह गर्व और खुशी की बात है कि जिले के प्रसिद्ध जनरल फिजिशियन और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सिकंदर सिंह को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) द्वारा डॉक्टर्स डे के अवसर पर दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, मरीजों के प्रति समर्पण, ईमानदारी और समाज सेवा के लिए दिया जा रहा है.

क्या कहते हैं डॉ. सिकंदर सिंह
डॉ. सिकंदर सिंह ने खुशी जताते हुए Local 18 से बातचीत में कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन हजारों मरीजों का भी है जिन्होंने वर्षों से उन पर विश्वास बनाए रखा है. उन्होंने कहा, ‘मैंने हमेशा चिकित्सा को सेवा का माध्यम माना है और पूरी ईमानदारी के साथ मरीजों का इलाज करने का प्रयास किया है. मरीजों का प्यार, विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है. आज जो पहचान मिली है, उसमें मेरे मरीजों और सहयोगियों का बहुत बड़ा योगदान है.’ उन्होंने आगे कहा कि डॉक्टर का सबसे बड़ा धर्म मरीज को सही सलाह और सही इलाज देना है. यदि कोई मरीज स्वस्थ होकर मुस्कुराते हुए घर लौटता है, तो वही किसी भी डॉक्टर के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार होता है. पिछले 45 वर्षों में उन्होंने हमेशा यही प्रयास किया है कि हर मरीज को बेहतर इलाज मिले और वह संतुष्ट होकर जाए. उन्होंने कहा कि IMA द्वारा दिया जा रहा यह सम्मान उन्हें आगे भी सेवा और समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देगा.

बेवजह मरीजों को नहीं करते परेशान
डॉ. सिकंदर सिंह के मरीज अमर कुमार बताते हैं कि उन्होंने अपने जीवन में बहुत कम ऐसे डॉक्टर देखे हैं जो मरीजों की आर्थिक स्थिति को भी समझते हों. उनका कहना है कि डॉ. सिकंदर सिंह कभी भी मरीजों को बेवजह जांच या इलाज के नाम पर परेशान नहीं करते और जितनी आवश्यकता होती है, उतनी ही दवा और जांच की सलाह देते हैं. मरीजों के अनुसार, उनके क्लिनिक में पहुंचने के बाद एक अलग तरह का भरोसा और संतोष महसूस होता है. लोगों का मानना है कि उनकी ईमानदारी ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. यही वजह है कि वर्षों से हजारों मरीज उनसे जुड़े हुए हैं. उनके इलाज से लाभ पाने वाले लोगों की संख्या इतनी अधिक है कि कई परिवारों की तीन पीढ़ियां तक उनसे इलाज करवा चुकी हैं.

व्यवहार ही है उनकी सबसे बड़ी पहचान
एक अन्य मरीज अजय कुमार राय बताते हैं कि डॉ. सिकंदर सिंह का व्यवहार ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है. उनका कहना है कि जब कोई मरीज उनके पास पहुंचता है, तो वह उसकी बात को ध्यान से सुनते हैं और बीमारी को समझने का पूरा प्रयास करते हैं. मरीजों को पर्याप्त समय देना और उन्हें सरल भाषा में बीमारी के बारे में समझाना उनकी विशेषता है. अजय कुमार राय के अनुसार, कई बार मरीज उनकी बातों से ही मानसिक रूप से मजबूत महसूस करने लगता है और उसकी आधी परेशानी वहीं दूर हो जाती है. उनका मानना है कि मरीजों के प्रति ऐसा व्यवहार हर डॉक्टर को सीखना चाहिए, क्योंकि इलाज केवल दवा से नहीं बल्कि अच्छे व्यवहार और भरोसे से भी होता है.

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में भी रहा अहम योगदान
चिकित्सा सेवा के साथ-साथ डॉ. सिकंदर सिंह ने सामाजिक कार्यों में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है. टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में उनकी भूमिका सराहनीय रही है. इसके अलावा वह समय-समय पर गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर जरूरतमंद लोगों का मुफ्त इलाज भी करते हैं. आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों की मदद करना उनकी पुरानी आदत रही है. कई ऐसे लोग हैं जिनका उन्होंने बिना किसी शुल्क के इलाज किया है. समाज के प्रति उनकी इसी सेवा भावना ने उन्हें लोगों के दिलों में खास जगह दिलाई है. अब IMA द्वारा मिलने वाला यह सम्मान उनके वर्षों की मेहनत, समर्पण और सेवा कार्यों का सम्मान माना जा रहा है.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top