भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

50 साल से एक जैसा स्वाद, जैन साहब की चाय के बिना...


Last Updated:

शिवपुरी के पुराने कलेक्ट्रेट के पास स्थित ‘जैन चाय दुकान’ आज महज एक दुकान नहीं, बल्कि शिवपुरी के लोगों के दिन की पहली जरूरत बन चुकी है. शहर के रग-रग में बसे स्वाद का जादू ऐसा है कि आज भी हजारों शिवपुरी वासियों की सुबह तब तक अधूरी मानी जाती है

बदलते दौर की चकाचौंध में जहां हर मोड़ पर आधुनिक कैफे और नए-नए टी-स्टॉल खुल रहे हैं. वहीं शिवपुरी के दिल में एक ऐसी जगह भी है. जिसकी खुशबू पिछले पांच दशकों से रत्ती भर भी नहीं बदली. पुराने कलेक्ट्रेट के पास स्थित ‘जैन चाय दुकान’ आज महज एक दुकान नहीं, बल्कि शिवपुरी के लोगों के दिन की पहली जरूरत बन चुकी है. शहर के रग-रग में बसे इस स्वाद का जादू ऐसा है कि आज भी हजारों शिवपुरी वासियों की सुबह तब तक अधूरी मानी जाती है, जब तक उनके होठों से जैन साहब की कड़क चाय की पहली चुस्की न लग जाए.

पिता की छोटी सी टपरी से शुरू हुआ पांच दशकों का सफर
इस स्वाद की विरासत को जिंदा रख रहे दुकान के संचालक दीपक जैन जब पीछे मुड़कर देखते हैं, तो यादों का एक खूबसूरत कारवां सामने आ जाता है. दीपक बताते हैं कि यह सिर्फ एक व्यवसाय नहीं, बल्कि उनके पिता के पसीने से सींची गई एक पुश्तैनी थाती है. दशकों पहले उनके पिता ने एक बेहद छोटी सी टपरी से इस सफर का आगाज किया था. उस दौर में बोया गया मेहनत, ईमानदारी और शुद्धता का बीज आज एक ऐसा वटवृक्ष बन चुका है, जिसकी छांव में पूरा शिवपुरी चाय का आनंद लेता है.

दीपक जैन बड़े गर्व से कहते
पिताजी ने हमेशा एक ही सीख दी कि चाहे दुनिया बदल जाए, लेकिन हमारी चाय की गुणवत्ता और ग्राहकों के प्रति हमारा आदर कभी नहीं बदलना चाहिए. यही वजह है कि आधी सदी बीत जाने के बाद भी हमारी चाय का वही पारंपरिक और ठेठ स्वाद आज भी जस का तस बरकरार है, जिसने 50 साल पहले लोगों को पहली बार अपना दीवाना बनाया था.

अफसरों की गंभीर चर्चा से लेकर युवाओं के ठहाकों तक
जैन साहब की चाय का सम्मोहन देखना हो, तो यहां सुबह से शाम तक उमड़ने वाले हुजूम को देखिए। इस दुकान की बेंच पर समाज का हर रंग एक साथ चाय की चुस्कियों में घुला नजर आता है. कॉलेज जाने वाले युवाओं के बेबाक ठहाके हों, फुर्सत में बैठे बुजुर्गों की पुरानी यादें हों, दिनभर की भागदौड़ के बीच सुस्ताते व्यापारी हों, या फिर कलेक्ट्रेट के गंभीर अधिकारी—हर कोई यहाँ आकर एक ही रंग में रंग जाता है.

सिर्फ चाय का ठिकाना नहीं, शिवपुरी की यादों का एक जीवंत हिस्सा
पचास वर्षों का यह लंबा और सुहाना सफर सिर्फ चाय बेचने और मुनाफा कमाने की कहानी नहीं है। यह कहानी है शिवपुरी की तीन पीढ़ियों के आपस में जुड़ने की, उनकी खुशियों और चर्चाओं की. यहां कई ऐसे चेहरे रोज सुबह दिखाई देते हैं जो कभी अपने बचपन में पिता की उंगली थामकर यहां पहली बार चाय का स्वाद चखने आए थे, और आज वे खुद अपने बच्चों और पोतों को इस ऐतिहासिक स्वाद का हिस्सा बनाने यहाँ लेकर आते हैं.वक्त बदला, कलेक्ट्रेट पुराना हो गया, शहर की सड़कें चौड़ी हो गईं, लेकिन जैन चाय दुकान की वो चिर-परिचित खौलती चाय. उसकी महक आज भी शिवपुरी के अपनत्व, संस्कृति और पहचान का सबसे खूबसूरत प्रतीक बनी हुई है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top