बोकारो: झारखंड में बोकारो जिले के पशुपालकों के लिए बड़ी खुशखबरी है. यदि आप बकरी, सूअर, भेड़, बत्तख या कुक्कुट पालन शुरू कर अपनी आय बढ़ाना चाहते हैं, तो झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 75 प्रतिशत से 90 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ उठा सकते हैं. इसके पालन से किसान घर बैठे ही मालामाल हो सकते हैं.
बोकारो के जिला पशुपालन पदाधिकारी असीम कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत कुल छह योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है. पहला है बकरा विकास योजना. इस योजना के तहत लाभुकों को 8 मादा और 2 नर बकरे प्रदान किए जाएंगे. वहीं, सूअर विकास योजना में 4 मादा और 1 नर सूअर, बैकयार्ड लेयर कुक्कुट पालन योजना में 400 लेयर मुर्गियों का पालन, ब्रॉयलर कुक्कुट पालन योजना में 500 ब्रॉयलर चूजे, और बत्तख चूजा वितरण योजना में 15 बत्तख चूजे और आखरी भेड़ पालन योजना में 8 मादा और 2 नर भेड़ उपलब्ध कराए जाएंगे.
जानें कौन उठा सकता है योजना का लाभ
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का बोकारो जिले का स्थानीय निवासी होना आवश्यक है. इसके अलावा सामान्य वर्ग के महिला-पुरुष, बीपीएल परिवार, स्वयं सहायता समूह (SHG) तथा सहकारी समिति के सदस्य भी आवेदन कर सकते हैं. वहीं, इस योजना में बीपीएल परिवार की महिलाओं, असहाय विधवा महिलाओं, दिव्यांग व्यक्तियों तथा 50 वर्ष या उससे अधिक आयु वाले निःसंतान दंपतियों को प्राथमिकता दी जाएगी.
जानें कितना मिलेगा अनुदान
1- सामान्य श्रेणी के पात्र लाभार्थियों को 75 प्रतिशत अनुदान मिलेगा.
2- 90 प्रतिशत अनुदान अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), असहाय विधवा महिलाओं, दिव्यांग व्यक्तियों तथा 50 वर्ष या उससे अधिक आयु वाले निःसंतान दंपतियों को दिया जाएगा.
जानें आवेदन और चयन की प्रक्रिया
इच्छुक अभ्यर्थी जिला पशुपालन कार्यालय या प्रखंड स्तरीय पशुपालन कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं. लाभुकों का चयन संबंधित ग्रामसभा द्वारा किया जाएगा. वहीं, कुछ योजनाओं के लिए पहचान पत्र, भूमि संबंधी दस्तावेज और दिव्यांग प्रमाण पत्र और जरूरी कागजात जमा करना अनिवार्य होगा.
वहीं, चयनित लाभुकों का Escrow Account/Dedicated Bank Account जिला पशुपालन पदाधिकारी के माध्यम से खोला जाएगा और अनुदान की राशि सीधे उसी खाते में हस्तांतरित की जाएगी.
जानें योजना से जुड़ी महत्वपूर्ण शर्तें
बता दें कि बत्तख चूजा वितरण योजना का लाभ लेने वाले लाभार्थी मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की अन्य योजनाओं जैसे बकरा विकास, सूअर विकास, बैकयार्ड लेयर कुक्कुट पालन एवं ब्रॉयलर कुक्कुट पालन योजना के लिए भी पात्र माने जाएंगे. हालांकि, बकरा विकास, सूअर विकास, बैकयार्ड लेयर कुक्कुट पालन या ब्रॉयलर कुक्कुट पालन योजना में से किसी एक योजना का लाभ प्राप्त करने वाले लाभुक अन्य योजनाओं का लाभ नहीं ले सकेंगे
जानें आवेदन की अंतिम तारीख
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है. इच्छुक पशुपालक समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं.