रांची: झारखंड में आज का मौसम लोगों को गर्मी से कुछ राहत दे सकता है. IMD के अनुसार आज झारखंड के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना बनी हुई है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के झारखंड की ओर तेजी से बढ़ने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. इसके अलावा आज झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है. आज दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह समेत 10 जिलों में बारिश हो सकती है. धनबाद, बोकारो, कोडरमा समेत 6 जिलों में तेजा आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.
झारखंड के इन जिलों में बारिश का अलर्ट
रांची मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दुमका, जामताड़ा, देवघर, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इन इलाकों में बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ तेज वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है.
रांची मौसम विभाग के अनुसार आज झारखंड के कई जिलों में बारिश हो सकती है
झारखंड के इन जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट
आज झारखंड में बारिश के साथ कई जिलों में तेज आंधी चलने की भी संभावना है. इनमें धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलने का अनुमान है. रांची मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है.
जानें रांची और जमशेदपुर में कैसा रहेगा मौसम
आज झारखंड की राजधानी रांची में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं, अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. जबकि जमशेदपुर में भी बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है.
झारखंड में आईएमडी का अलर्ट
मानसून की दस्तक के लिए अनुकूल हालात
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि झारखंड में मानसून के प्रवेश के लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल हो रही हैं. अनुमान है कि 15 से 17 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य में दस्तक दे सकता है. मानसून के आगमन से पहले 12 से 14 जून के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है.
गर्मी से मिलेगी राहत
पिछले कुछ दिनों से झारखंड के कई हिस्सों में उमस और तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी. हालांकि 12 जून को बारिश और बादलों की सक्रियता के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है. इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है.