![]()
चास नगर निगम प्रशासन को मिली शिकायत के बाद फूड ऑफिसर ने वैभव होटल चास के समीप स्थित द चारकोल रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। खाद्य सामग्री के रख-रखाव और स्वच्छता मानकों में गंभीर लापरवाही सामने आने पर निगम ने रेस्टोरेंट प्रबंधन पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को रसोई घर में कई अनियमितताएं मिली। जांच टीम ने पाया कि किचन में पुराना सना हुआ आटा रखा गया था, जबकि उपयोग के लिए रखा गया चिकन तीन से चार दिन पुराना था। इसके अलावा बेसिन, चूल्हा और डस्टबिन की स्थिति भी अत्यंत गंदी पाई गई। पूरे परिसर में दुर्गंध फैली हुई थी, जिससे खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई। फूड इंस्पेक्टर ने रेस्टोरेंट संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भोजन तैयार करने और परोसने वाले प्रतिष्ठानों में स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि लोग रेस्टोरेंट में भरोसे के साथ भोजन करते हैं और ऐसी लापरवाही उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। नगर निगम ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को कई सलाह दी है। किचन में पड़ी गंदगी की जांच करते टीम के सदस्य।
Source link