भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

नप के 5 करोड़ की 32 योजनाओं पर उठे सवाल उपायुक्त ने...



भास्कर न्यूज|गुमला नगर परिषद द्वारा हाल ही में जारी पांच करोड़ से अधिक की 32 विकास योजनाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। गुमला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह झारखंड विधानसभा की शून्यकाल समिति के सभापति भूषण तिर्की ने इस पूरी निविदा प्रक्रिया में नियमों की घोर अनदेखी का आरोप लगाया है। विधायक ने निविदा (एनआईटी नंबर जीएमएल/एनपी /03/2026-27) में गड़बड़ी की शिकायत करते हुए उपायुक्त से उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई की और सात सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है। इस जांच कमेटी की कमान अपर समाहर्ता राजीव नीरज को सौंपी गई है। जबकि अनुमंडल पदाधिकारी इसके सचिव बनाए गए हैं। इनके अलावा कमेटी में ग्रामीण विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता, लेखा पदाधिकारी, राज्यकर संयुक्त आयुक्त गुमला अंचल, जिला सूचना व विज्ञान पदाधिकारी और जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। डीसी ने जांच समिति को एक सप्ताह के भीतर सभी तथ्यों का गहन अध्ययन कर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपने का सख्त निर्देश दिया है। इसके साथ ही नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया है कि वे जांच टीम को सभी जरूरी दस्तावेज और अपेक्षित सहयोग तुरंत उपलब्ध कराएं। भूषण तिर्की ने पत्र में ईओ मनीष कुमार पर कुछ पसंदीदा संवेदकों के साथ मिलीभगत कर निविदा प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। कहा है कि नियमों की अनदेखी कर योग्य संवेदकों को काम से वंचित करने का प्रयास किया गया है। निविदा में प्रभावशाली लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इस मिलीभगत से सरकारी कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित होने और सरकारी राजस्व को भारी क्षति पहुंचने की आशंका जताई है। विधायक ने पूरे टेंडर की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने, ईओ की भूमिका की विशेष जांच कर उन्हें कार्य से मुक्त करने, टेंडर में शामिल सभी संवेदकों, तकनीकी मूल्यांकन और वित्तीय बोली की गहन जांच करने और दोष सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि सरकार को भी प्रेषित की है। धरना देने की तैयारी में है झामुमो: बताया जा रहा है कि निविदा प्रकिया में जांच के साथ-साथ अन्य कई मामले को लेकर झामुमो मोर्चा खोलने की तैयारी में है। इस निमित जल्द ही झामुमो द्वारा धरना प्रदर्शन भी किया जाएगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top