![]()
हेरहंज | सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने और पहली किस्त की राशि मिलने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले लाभुकों के खिलाफ प्रखंड प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में है। निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले लाभुकों को दोबारा नोटिस जारी किया जाएगा। बीडीओ अमित कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2 और वित्तीय वर्ष 2024-25 में चयनित 54 समेत 56 अबुआ आवास लाभुकों ने प्रथम किस्त की राशि लेने के बाद भी अब तक अपने आवास का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। उन्हें पूर्व में भी नोटिस जारी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन संतोषजनक प्रगति नहीं होने के कारण अब एक बार फिर नोटिस भेजा जाएगा। बालूमाथ | सीसीएल द्वारा संचालित तेतरियाखांड कोल परियोजना को फिर से शुरू करने समेत 16 सूत्री मांगों को लेकर लोगों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया है कि माइंस बंद होने की वजह से स्थानीय लोगों के रोजगार पर संकट उत्पन्न हो गया है। मुख्य मांगों में नौकरी मुआवजा कैंप लगाने, पिंडारकोम ग्राम में 600 एकड़ भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, ग्रामीणों को सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराने,पानी का नियमित छिड़काव करने एवं लंबे समय से पदस्थापित पदाधिकारी का तबादला करने की मांग शामिल है। हेरहंज| प्रखंड सभागार में शनिवार को प्रखंड समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें बीडीओ अमित कुमार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, समाज कल्याण, कल्याण, आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के खराब पड़े चापानलों को अविलंब दुरुस्त कराने, सभी राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी कराने तथा प्रत्येक माह समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हेरहंज में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान नए वित्तीय वर्ष में स्कूली बच्चों के बीच साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत प्रत्येक माह प्रखंड के कम से कम 25 लाभुकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके अलावा अन्य विभागीय योजनाएं की समीक्षा कर बीडीओ ने संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों को कई दिशा निर्देश दिए। चंदवा | भाजपा जिला अध्यक्ष वंशी यादव की अध्यक्षता एवं जिला प्रभारी मनीर उरांव के मार्गदर्शन में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चंदवा मंडल पूर्वी का प्रशिक्षण कार्यशाला रविवार को बालूमाथ के एक होटल में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिविर में भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, चतरा सांसद कालीचरण सिंह एवं लातेहार विधायक प्रकाश राम मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, मंडल कार्यसमिति सदस्यों, मंच-मोर्चा पदाधिकारियों, पंचायत अध्यक्षों तथा बूथ अध्यक्षों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। पूर्वी मण्डल अध्यक्ष आशीष सिंह ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। चंदवा | झामुमो युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अंकित तिवारी ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर चंदवा, लुकुइया मोड़, चांपी- लोहरदगा मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है। कहा कि यह मार्ग पहाड़ी, घुमावदार और कई स्थानों पर खतरनाक चढ़ाई- ढलान वाला है, जिससे यहां लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोहरदगा की ओर से आने वाले हाइवा, ट्रक और ट्रेलर ढलान वाले हिस्सों में कई बार अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, गति सीमा संकेतक लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा मार्ग का तकनीकी सर्वेक्षण कर स्थायी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। बारियातू | बारियातू पंचायत सचिवालय में प्रधानमंत्री आवास प्लस योजना के तहत योग्य लाभुकों के चयन को लेकर ग्रामसभा का आयोजन किया गया। अध्यक्षता ग्राम प्रधान महेंद्र गंझू ने की। इस मौके पर मुखिया तेतरी देवी की उपस्थिति में पीएम आवास प्लस योजना की सूची में शामिल किए जाने वाले योग्य लाभुकों के चयन पर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद एवं आवास विहीन परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने की बात कही गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लाभुकों की सूची प्राथमिकता के आधार पर तैयार की जाएगी। इसमें उन परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी जो कच्चे मकान में रह रहे हैं या जिनके पास रहने के लिए उचित आवास नहीं है। ग्रामसभा में यह भी तय किया गया कि तैयार की गई सूची को पुनः पंचायत सचिवालय में सार्वजनिक किया जाएगा। मौके पर कई पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। लातेहार | नगर पंचायत लातेहार द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में लगभग 2 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित औरंगा नदी तट स्थित आधुनिक विद्युत शवदाह गृह लंबे समय तक बंद रहने के बाद अब चालू कर दिया गया है। दैनिक भास्कर ने 9 जून को इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद शनिवार को अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और सेवा शुरू कराई। नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, नगर उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने बताया कि विद्युत शवदाह गृह में एक शव के अंतिम संस्कार के लिए 7,000 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके लिए परिजनों को पहले नगर पंचायत कार्यालय से टोकन प्राप्त करना होगा, जिसके बाद शवदाह गृह में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि संचालन की निगरानी के लिए एक केयरटेकर की भी नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि आधुनिक विद्युत शवदाह गृह शुरू होने से लोगों को अंतिम संस्कार के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
Source link