दुमका | बाबा बासुकीनाथ की नगरी में आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय व्यवसायियों के लिए आधुनिक माडल शेड बनेगा। इसके बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बासुकीनाथ नगर पंचायत अध्यक्ष वीणा देवी के प्रस्ताव पर विभाग ने भी जल्द काम शुरू करने की सहमति जता दी है। विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराया जाएगा। इस पहल से शिवगंगा परिसर का सौंदर्यीकरण होगा और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि शिवगंगा के दक्षिणी दिशा में 120 फीट लंबा, 21 फीट चौड़ा और 30 फीट ऊंचा दो मंजिला शेड बनाया जाएगा। इसमें स्टील की रेलिंग और दो सीढ़ियों का प्रावधान होगा। नवनिर्मित शेड के निचला तल में फूल, बेलपत्र, प्रसादी विक्रेता, पंडा, पुरोहित, नाई और स्थानीय दुकानदारों को व्यवस्थित दुकानें मिलेंगी। ऊपरी मंजिल में दूर-दराज से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के विश्राम की व्यवस्था होगी। भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा सकेगा। बाबा बासुकीनाथ धाम में हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। बासुकीनाथ के नगर पंचायत अध्यक्ष वीणा देवी ने बताया िक इस मॉडल शेड के बनने से सैकड़ों स्थानीय लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा और श्रद्धालुओं को भी मूलभूत सुविधाएं एक जगह पर मिल जाएंगी। उद्देश्य धाम को सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाना है।
Source link