![]()
तेलो | बोकारो जिले में वर्ष 2023 के बाद से चौकीदार एवं होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं किए जाने के विरोध में रविवार को चंद्रपुरा प्रखंड के तारानारी उच्च विद्यालय परिसर में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के बैनर तले विद्यार्थी संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राहुल यादव ने की, जबकि संचालन अजय महतो ने किया। बैठक में पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुनील कुमार महतो, विधायक प्रतिनिधि राजू महतो तथा फहीम आलम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि राज्य के अन्य जिलों में चौकीदार एवं होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है, लेकिन बोकारो जिले में वर्ष 2023 के बाद से अब तक कोई बहाली नहीं निकाली गई है। इससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है।बैठक को संबोधित करते हुए अजय महतो ने कहा कि यदि जिला प्रशासन जल्द ही चौकीदार एवं होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं करता है, तो जेएलकेएम के बैनर तले बोकारो उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर संगठन चरणबद्ध आंदोलन चलाने को बाध्य होगा। बैठक में आंदोलन की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई तथा युवाओं से संगठित होकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया गया।
Source link