![]()
हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में स्थित बादाम कोल खनन परियोजना में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अज्ञात हमलावरों ने बीजीआर कंपनी के कार्यालय पर धावा बोल दिया। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। अचानक पहुंचे हमलावरों ने कार्यालय परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और वहां रखे कई सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले से कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, जांच शुरू घटना की जानकारी मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि सुबह अज्ञात लोगों की भीड़ अचानक कंपनी के कार्यालय पहुंची और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम देकर फरार हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द गिरफ्तारी का दावा, कई पहलुओं पर जांच थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले को लेकर स्थानीय एसडीपीओ सहित अन्य वरीय पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। परियोजना विरोध से जुड़ा हो सकता है मामला बताया जा रहा है कि BGR कंपनी बादाम कोल खनन परियोजना की MDO है। इस परियोजना का स्थानीय रैयतों द्वारा लंबे समय से विरोध किया जा रहा है। ऐसे में इस हमले को परियोजना के विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस सतर्कता बरत रही है। इस मामले में न तो पुलिस और न ही कंपनी कुछ भी आधिकारिक रूप से कह रही है।
Source link