Last Updated:
नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए स्नातक नामांकन प्रक्रिया 16 जून से शुरू हो गई है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं. नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल 16 जून से 16 जुलाई तक खुला रहेगा. इस दौरान छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. विश्वविद्यालय ने छात्रों से समय रहते रजिस्ट्रेशन करने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का नामांकन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा.
पलामू: नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए स्नातक नामांकन प्रक्रिया 16 जून से शुरू हो रही है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने नामांकन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. छात्रों के लिए चांसलर पोर्टल 16 जून से 16 जुलाई तक खुला रहेगा. इस अवधि के दौरान इच्छुक छात्र-छात्राएं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर नामांकन के लिए आवेदन कर सकेंगे.
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि नए सत्र में नामांकन प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि शैक्षणिक कैलेंडर नियमित रहे और विद्यार्थियों की पढ़ाई समय पर शुरू हो सके. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार शैक्षणिक सत्र को नियमित करने की दिशा में काम कर रहा है. साथ ही विभिन्न नए कोर्स जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं. विश्वविद्यालय में परीक्षाएं भी निर्धारित समय के अनुसार आयोजित की जा रही हैं.
कुलपति ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि एनपीयू के अंतर्गत वर्तमान में नौ अंगीभूत महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप नामांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और छात्र हितों को ध्यान में रख कर बनाया गया है. छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाया गया है.
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सीट निर्धारण के अनुसार, नौ अंगीभूत महाविद्यालयों में कुल 12,630 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा. इनमें सबसे अधिक 2,540 सीटें गणेश लाल अग्रवाल महाविद्यालय में उपलब्ध हैं. वहीं, एसएसजेएस नामधारी महाविद्यालय, गढ़वा में 2,400 सीटों पर नामांकन होगा.
इसके अलावा महिला महाविद्यालय में 1,790 सीटें और जनता शिवरात्रि महाविद्यालय में 1,580 सीटें निर्धारित की गई हैं. मंडल कॉलेज, गढ़वा में 720 सीटें उपलब्ध रहेंगी. वहीं डिग्री कॉलेज मनीका, हुसैनाबाद और छतरपुर में 900-900 सीटों पर नामांकन किया जाएगा. महिला महाविद्यालय, लेस्लीगंज में भी 900 सीटें निर्धारित की गई हैं.
कुलपति प्रो. (डॉ.) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले समय में रेहला और भवनाथपुर में नवस्थापित कॉलेजों का संचालन भी शुरू किया जाएगा. इन कॉलेजों के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे.साथ ही, उन्हें स्थानीय स्तर पर ही नामांकन की सुविधा उपलब्ध होगी.
विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन करेंगे. इसके लिए विद्यार्थियों को समय रहते चांसलर पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की सलाह दी गई है. कुलपति ने कहा कि निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. इसलिए छात्र-छात्राएं अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय पर आवेदन कर अपना नामांकन सुनिश्चित करें.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें