भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Counterfeit Ghee Factory | Fake Ghee Racket – दिल्ली-हरियाणा में नकली घी...


नई द‍िल्‍ली. अगर आपके गले के नीचे से घी लगी हुई रोटी नहीं उतरती है तो पहले ये खबर पढ़ लें क्‍योंक‍ि आपकी लापरवाही आपकी सेहत ब‍िगाड़ सकती है. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दिल्ली और हरियाणा में नकली और मिलावटी घी बनाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई के दौरान 6,500 लीटर से ज्यादा संदिग्ध मिलावटी घी और कच्चा माल जब्त किया गया है.

एफएसएसएआई के उत्तरी क्षेत्र के निदेशक देवेश कुमार महला के निर्देशन में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर यह कार्रवाई की.

ऐसे खुला नकली घी का खेल

एफएसएसएआई को कुछ डिजिटल और प्रिंट विज्ञापनों की जानकारी मिली थी, जिनमें प्रीमियम देसी घी और गाय का घी बेचा जा रहा था. इन विज्ञापनों में न तो एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर दिया गया था और न ही जरूरी लेबलिंग की जानकारी थी. इसके बाद अधिकारियों ने ग्राहक बनकर संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क किया और घी के नमूने खरीदे. इन नमूनों को जांच के लिए एफएसएसएआई द्वारा मान्यता प्राप्त NABL लैब में भेजा गया.

जांच में क्या मिला?

लैब रिपोर्ट में सामने आया कि घी खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा. जांच में पता चला कि कथित घी में वनस्पति तेल और दूसरे गैर-दुग्ध पदार्थ मिलाए गए थे. यानी इसे मिलावट करके तैयार किया जा रहा था.

दिल्ली के द्वारका में छापा

जांच के बाद एफएसएसएआई की टीम ने दिल्ली के द्वारका स्थित ढुलसिरस गांव में पारित राम से जुड़े एक ठिकाने पर छापा मारा. यहां से करीब 1020 लीटर संदिग्ध तेल बरामद हुआ, जिसका इस्तेमाल नकली घी बनाने में किया जा रहा था. इसके अलावा लगभग 1500 लीटर संदिग्ध मिलावटी घी भी जब्त किया गया. पूरा माल मौके पर ही कब्जे में ले लिया गया.

हरियाणा में भी बड़ी कार्रवाई

इसके बाद हरियाणा के सोनीपत में एम/एस बाला जी फूड प्रोडक्ट्स, प्लॉट नंबर-29A, सेक्टर-53, फेज-5 पर छापा मारा गया. यहां से बाजार में सप्लाई के लिए पैक किया गया 4000 लीटर से ज्यादा संदिग्ध मिलावटी घी बरामद हुआ.

एफआईआर दर्ज, कानूनी कार्रवाई शुरू

एफएसएसएआई ने स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जब्त किए गए सभी उत्पादों को नियमानुसार सुरक्षित रखा गया है और आगे की जांच के लिए नमूने भी लिए गए हैं.

एफएसएसएआई की लोगों से अपील

एफएसएसएआई ने लोगों से अपील की है कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय इन बातों का विशेष ध्यान रखें—

– पैकेट पर एफएसएसएआई लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर जरूर देखें.
– उत्पाद की पूरी लेबलिंग और निर्माता की जानकारी जांचें.
– पैकेजिंग सही और सीलबंद होनी चाहिए.
‘ अगर कोई घी या खाद्य पदार्थ बाजार भाव से बहुत सस्ता मिल रहा है, तो सतर्क रहें क्योंकि वह नकली या मिलावटी हो सकता है.

एफएसएसएआई ने कहा है कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जांच अभी जारी है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top