जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए किराने की दुकान की आड़ में ब्राउन शुगर बेचने के एक ही परिवार के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दुकान संचालक विजय साहू, उनकी पत्नी सुनीता देवी और पुत्र गोलू साहू शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि यह परिवार लंबे समय से इलाके में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की तस्करी में संलिप्त था। पुलिस ने दुकान पर छापेमारी कर तीनों को रंगेहाथ नशीले पदार्थ की बिक्री करते हुए दबोचा। पूछताछ में इस सिंडिकेट से जुड़े कुछ अन्य तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई और छापेमारी कर रही है। 57 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकदी बरामद छापेमारी के दौरान पुलिस ने 57 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है। इसके अलावा 14,200 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। इस संबंध में जगन्नाथपुर थाने में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपी ब्राउन शुगर कहां से मंगाते थे और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करते थे। इनके मोबाइल फोन, संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल हो रही है। आशंका जताई जा रही है कि इनके तार किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
Source link