![]()
धनबाद के चर्चित SBI मुख्य शाखा बैंक घोटाला मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। CBI की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) धनबाद ने करीब 20 वर्षों से फरार चल रहे दो घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बृजभूषण प्रसाद और करतार सिंह शामिल हैं। CBI के अनुसार, RC-11(A)/2005-D के तहत 31 अगस्त 2005 को यह मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि नवंबर 2002 से जून 2005 के बीच स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा, बैंक मोड़ धनबाद से करीब 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और गबन किया गया था। मामले में IPC की धारा 120-बी, 420 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दोनों आरोपी नेपाल फरार हो गए थे
जांच के दौरान पता चला कि केस दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी नेपाल फरार हो गए थे। बाद में उन्हें अपराधी घोषित किया गया और उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया गया था। CBI अधिकारियों के मुताबिक, नेपाल से लौटने के बाद दोनों आरोपी अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग जगहों पर रह रहे थे। पिछले कुछ महीनों से CBI टीम उनकी तलाश में जुटी थी। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से हुई गिरफ्तारी तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बृजभूषण प्रसाद को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के कोपरगांव से और करतार सिंह को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया गया। करीब 20 साल बाद हुई इस गिरफ्तारी को CBI धनबाद की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Source link