![]()
मझिआंव| थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरहे के गवरवा टोला निवासी घनश्याम रजवार एवं पूर्व मुखिया मंझरिया देवी के लगभग 34 वर्षीय एकलौते पुत्र दिनानाथ रजवार की महाराष्ट्र के मुंबई में रेल दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार दिनानाथ रजवार लगभग 25 दिन पहले अपने घर से मजदूरी करने महाराष्ट्र के मुंबई गया था। वह मुंबई में रहकर मजदूरी करता था। अपने रूम से मजदूरी के लिए एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन जाने के दौरान वह मेट्रो ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसे गंभीर चोट लगी। इसके बाद रेलवे पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान अस्पताल में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों एवं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं मुंबई में रह रहे साथी एवं रिश्तेदारों ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से पैतृक गांव पुरहे के गवरवा टोला लाया। जहां परिजनों को सांत्वना देने एवं देखने के लिए हजारों की संख्या में भीड़ जुट गई। वहीं दुखद सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह तत्काल शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे। दिनानाथ रजवार के शव का अंतिम संस्कार स्थानीय बांकी नदी के तट पर किया गया। इधर लोगों का कहना है कि दिनानाथ के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। इनमें दो पुत्र और एक पुत्री है। खरौंधी | प्रखंड के चौरिया गांव निवासी नंदू चौधरी ने स्थानीय जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेता के विरुद्ध राशन कार्ड में कथित अनियमितता एवं फर्जीवाड़े की शिकायत करते हुए गढ़वा उपायुक्त को आवेदन सौंपकर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता नंदू चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार के नाम से निर्गत अंत्योदय राशन कार्ड संख्या 202000017309 में बिना उनकी जानकारी के आधार संख्या में बदलाव कर लंबे समय से सरकारी राशन का उठाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि उक्त राशन कार्ड उनकी दिवंगत पत्नी कौशल्या देवी के नाम पर जारी है। परिवार के किसी भी सदस्य का आधार कार्ड उससे संबद्ध नहीं है। नंदू चौधरी के अनुसार हाल ही में ऑनलाइन माध्यम से राशन कार्ड की जानकारी की जांच कराने पर उन्हें कथित अनियमितता की जानकारी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्ड में दर्ज परिवार के सदस्यों के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति का आधार नंबर जोड़ा गया है। उसी के माध्यम से वर्षों से राशन का वितरण एवं उठाव किया जा रहा है। इसके कारण उनका परिवार सरकार की खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित रहा। शिकायतकर्ता ने आवेदन में संबंधित पीडीएस विक्रेता मुनी देवी एवं उनके पति मनदीप साह का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा कथित रूप से हुए सरकारी नुकसान की वसूली की मांग की है।
Source link