Last Updated:
पुलिस के अनुसार, सिया गोयल (20) और चेतन चौधरी (22) के खिलाफ केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने का आरोप है. इन दोनों के आपस में प्रेम संबंध थे. आरोप है कि 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले में अग्रवाल को एक चट्टान से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई.
आरोप है कि सिया गोयल और उसके ब्वॉयफ्रेंड ने मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या कर दी.
पुणे: लोनावला में मंगेतर और उसके कथित प्रेमी के हाथों हुई केतन अग्रवाल की सनसनीखेज हत्या के मामले ने अब राजनीतिक और कानूनी स्तर पर बड़ा मोड़ ले लिया है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को केतन अग्रवाल के परिवार से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि इस जघन्य हत्याकांड के दोषियों को कानून के तहत सबसे कड़ी सजा दिलाई जाएगी. मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने अपने बेटे के लिए न्याय की मांग करते हुए इस मामले में देश के चर्चित वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक (स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर) नियुक्त करने की मांग रखी. मुख्यमंत्री फडणवीस ने परिवार की इस मांग को स्वीकार कर लिया.
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि पुणे में हुई इस मुलाकात के दौरान केतन के पिता ने पूरे मामले की निष्पक्ष और तेज सुनवाई की मांग की. फडणवीस ने परिवार को आश्वस्त किया कि सरकार इस हत्याकांड को पूरी गंभीरता से देख रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
इस मामले में फ़ास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने की उनकी मांग को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत मान लिया और कानून एवं न्याय विभाग के सचिव को इस बारे में निर्देश जारी किए. सीनियर वकील उज्ज्वल निकम ने भी इस मामले में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के तौर पर काम करने के लिए अपनी सहमति दे दी है.
इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम की एंट्री को बेहद अहम माना जा रहा है. निकम देश के सबसे चर्चित आपराधिक मामलों की पैरवी कर चुके हैं और 26/11 मुंबई आतंकी हमले जैसे हाई-प्रोफाइल केस में विशेष लोक अभियोजक की भूमिका निभा चुके हैं. मुंबई हमले में गिरफ्तार इकलौते आतंकी को फांसी की सजा दिलाने में उज्ज्वल निकम का अहम रोल था. ऐसे में अब उनकी नियुक्ति से केतन अग्रवाल हत्याकांड की कानूनी लड़ाई और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें