![]()
बोकारो | राष्ट्रीय जनता दल के तत्वावधान में गुरुवार को बाघरायबेड़ा (सतनपुर) में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय विश्वनाथ प्रताप सिंह की जयंती मनाई गई। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद अनुसूचित मोर्चा के पूर्व प्रदेश महासचिव रामलाल राम ने की। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव बहादुर सिंह यादव ने वीपी सिंह के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कर पिछड़े वर्गों को केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। युवा राजद के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष समर बहादुर यादव ने कहा कि वीपी सिंह ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न दिलाने और उनके सम्मान में महत्वपूर्ण निर्णय लिए। पूर्व जिला अध्यक्ष अरशद अली ने उनके सामाजिक न्याय और सांप्रदायिक सौहार्द के प्रति समर्पण को याद किया। कार्यक्रम में धनजी सिंह यादव, वीरेंद्र रजक, वशिष्ठ यादव आदि उपस्थित थे।
Source link