भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

20 साल की यादों को समेटकर सूना हो रहा राबड़ी आवास…पर लालू-राबड़ी...


Last Updated:

Rabri Devi shift from 10 circular road : बिहार की राजनीति का सबसे चर्चित ठिकाना 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को खाली करने की आज आखिरी तारीख है. भवन निर्माण विभाग ने 29 जून तक बंगला खाली करने का नोटिस दिया था. वहीं, यहां से सामानों की शिफ्टिंग जारी है और ज्यादातर सामान दूसरी जगहों पर पहुंच चुका है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी फिलहाल कहां रहेंगे?

2 दशक की यादों को समेटकर खाली हो रहा राबड़ी आवास, पर लालू-राबड़ी रहेंगे कहां?Zoom

10 सर्कुलर रोड खाली करने की आखिरी तारीख आज, पर कहां रहेंगे लालू-राबड़ी?

पटना. बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा पावर सेंटर रहा पटना के 10 सर्कुलर रोड का बंगला आज सूना होने जा रहा है. भवन निर्माण विभाग के नोटिस के मुताबिक, आज यानी 29 जून को इस ऐतिहासिक आशियाने को खाली करने की अंतिम तिथि है. बंगले के कमरों से करीब 80 प्रतिशत सामान ट्रकों में लादकर विदा किया जा चुका है और अब वहां सिर्फ जरूरत का कुछ चंद सामान ही बचा है. लेकिन, इस पूरी कवायद के बीच पटना के राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल तैर रहा है कि सामान तो शिफ्ट हो गया, लेकिन लालू प्रसाद और राबड़ी देवी आखिर किस छत के नीचे रहेंगे, क्योंकि उनके लिए आवंटित नया सरकारी बंगला अभी पूरी तरह तैयार नहीं है.

नए घर में चल रहा काम, कहां होगा वर्तमान ठिकाना?

बता दें कि राबड़ी देवी के लिए नया आधिकारिक ठिकाना 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी बंगला आवंटित किया गया है, लेकिन दिक्कत यह है कि वहां अभी काम पूरा नहीं हो सका है. घर को लालू प्रसाद यादव की सेहत के अनुसार तैयार करने के लिए राबड़ी देवी ने विभाग को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें उन्होंने आरजेडी सुप्रीमो के लिए एक स्पेशल मेडिकल कमरा तैयार करने की मांग की थी. सूत्रों के मुताबिक, इस कमरे का काम अभी भी आखिरी दौर में है, ऐसे में बड़ा सस्पेंस यह है कि जब तक यह नया बंगला पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता, तब तक दोनों कहां रहेंगे?

10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी आवास से 80 प्रतिशत सामान शिफ्ट हो चुके हैं.

बेटे का सरकारी आवास या कौटिल्य नगर का निजी आशियाना?

इस सवाल और बड़े संशय के बीच दो ठिकानों की चर्चा सबसे अधिक है. माना जा रहा है कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी या तो 1 पोलो रोड स्थित अपने बेटे तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में शरण लेंगे या फिर कौटिल्य नगर और गोला रोड स्थित अपने निजी घरों का रुख करेंगे. ऐसा इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि 10 सर्कुलर रोड से निकला ज्यादातर सामान भी इन्हीं तीन ठिकानों पर भेजा गया है. हालांकि, यह भी जानकारी मिल रही है कि लालू यादव की नाजुक सेहत और डॉक्टरों की लगातार निगरानी को देखते हुए ही परिवार आज शाम तक यह अंतिम फैसला लेगा कि उन्हें तुरंत कहां ले जाना सबसे ज्यादा सुरक्षित होगा.

यादों को समेटते हुए खाली हो रहा राबड़ी आवास

वहीं, पिछले कुछ दिनों से 10 सर्कुलर रोड बंगले की तस्वीरें बेहद भावुक करने वाली हैं. जिस परिसर और कमरों में कभी बिहार के भविष्य के बड़े-बड़े फैसले होते थे, जहां कार्यकर्ताओं का हुजूम लगा रहता था, वहां आज सिर्फ पैकिंग बॉक्स और सन्नाटा पसरा है. सोफे, कुर्सियां, घरेलू सामान और बरसों की यादें गाड़ियों में लोड होकर जा चुकी हैं. फिलहाल इस बंगले में सिर्फ उतना ही सामान बचा है जो लालू जी की रोजमर्रा की दवाइयों और आराम के लिए बेहद जरूरी है.

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास की जगह 39 हार्डिंग रोड स्थित आवास आवंटित किया गया है.

29 जून की डेडलाइन और खत्म होता एक दौर

बता दें कि भवन निर्माण विभाग ने इस वीआईपी बंगले को खाली करने के लिए 29 जून की तारीख निर्धारित की थी. इसके बाद लालू परिवार ने भी बिना किसी कानूनी अड़चन के खुद ही आवास खाली करने की इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया और संभव है कि आज शाम होते-होते इस बंगले की चाबियां विभाग को सौंप दी जाएंगी. इसके साथ ही पटना के इस सबसे मशहूर पते से जुड़े एक बेहद लंबे, उतार-चढ़ाव भरे और दिलचस्प सियासी अध्याय पर फिलहाल के लिए पूर्णविराम लग जाएगा.

About the Author

Vijay jha

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top