![]()
धनबाद के बस स्टैंड के समीप गुरुवार सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। सुबह-सुबह लोगों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल धनबाद थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। कचरा चुनने का करता था काम स्थानीय निवासी शंभू सिंह ने बताया कि मृतक पिछले कई दिनों से बस स्टैंड के आसपास कचरा चुनने का काम करता था। कचरा बेचकर मिलने वाले पैसों से वह अक्सर शराब का सेवन करता था। गुरुवार सुबह शंभू सिंह जब निकले, तभी उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी, जो अचेत अवस्था में था। पास जाकर देखने पर उन्होंने पहचान की कि यह वही व्यक्ति है, जिसे वे रोजाना कचरा चुनते हुए देखते थे। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचित किया गया। पहचान और मौत के कारणों की जांच जारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। धनबाद थाना पुलिस के अनुसार फिलहाल मृतक अज्ञात है। उसकी पहचान के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर किसी तरह की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link