जमशेदपुर: आज के समय में लाखों युवा सरकारी नौकरी पाने का सपना देखते हैं, लेकिन कई छात्रों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर तैयारी की शुरुआत कहां से करें और कौन-सी रणनीति अपनाएं. ऐसे ही छात्रों के लिए वर्ष 2026 के BPSC पास कर एसडीएम बने अंकित शर्मा ने कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं. जो किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में मददगार साबित हो सकते हैं.
अंकित शर्मा बताते हैं कि सरकारी नौकरी की तैयारी का सबसे मजबूत आधार NCERT की किताबें हैं. इसलिए सबसे पहले कक्षा 6 से 12 तक की NCERT पुस्तकों को अच्छी तरह पढ़ना चाहिए. इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र और विज्ञान जैसे विषयों की बुनियादी समझ इन्हीं किताबों से विकसित होती है. जब आपकी नींव मजबूत होगी, तब कठिन विषयों को समझना भी आसान हो जाएगा.
पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र महत्वपूर्ण
इसके बाद उम्मीदवारों को पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र और ऑब्जेक्टिव प्रश्नों का नियमित अभ्यास करना चाहिए. इससे परीक्षा के पैटर्न और प्रश्नों के स्तर को समझने में मदद मिलती है. साथ ही यह भी पता चलता है कि किन विषयों से अधिक प्रश्न पूछे जाते हैं.
अंकित शर्मा का कहना है कि केवल पढ़ना ही काफी नहीं है, बल्कि उत्तर लेखन की आदत भी विकसित करनी चाहिए. किसी भी विषय को पूरा करने के बाद उससे संबंधित प्रश्नों के उत्तर लिखने का अभ्यास करें. इससे आपकी सोचने, समझने और अपनी बात को सही तरीके से प्रस्तुत करने की क्षमता बढ़ती है.
इस किताब का करें अध्यन
उन्होंने बताया कि भारतीय राजनीति के लिए एम. लक्ष्मीकांत की पुस्तक काफी उपयोगी है. इसके अलावा इतिहास, नागरिक शास्त्र और सामान्य अध्ययन के अन्य विषयों के लिए भी मानक पुस्तकों का अध्ययन करना चाहिए. वर्तमान घटनाओं की जानकारी के लिए प्रतिदिन The Hindu जैसे विश्वसनीय समाचार पत्र पढ़ना लाभदायक होता है. करंट अफेयर्स की नियमित तैयारी किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता की कुंजी मानी जाती है.
ऑनलाइन संसाधनों का सही उपयोग भी तैयारी को बेहतर बना सकता है. अंकित शर्मा के अनुसार, Study IQ, Physics Wallah, राज्यसभा टीवी और अन्य शैक्षणिक यूट्यूब चैनलों की मदद से कठिन विषयों को आसानी से समझा जा सकता है. हालांकि, छात्रों को सीमित और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करना चाहिए.
नियमित रिवीजन बेहद जरूरी
वे यह भी सलाह देते हैं कि तैयारी के दौरान नियमित रिवीजन बेहद जरूरी है. जो पढ़ा है, उसे बार-बार दोहराने से विषय लंबे समय तक याद रहता है. इसके साथ ही रोजाना कुछ समय मेडिटेशन और मानसिक शांति के लिए भी निकालना चाहिए, जिससे एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ता है.
अंत में अंकित शर्मा कहते हैं कि सरकारी नौकरी की तैयारी कोई छोटी दौड़ नहीं, बल्कि एक लंबी यात्रा है. इसलिए धैर्य रखें, निरंतर मेहनत करें, खुद पर विश्वास बनाए रखें और पूरी प्रक्रिया को बोझ नहीं बल्कि सीखने का अवसर समझकर आनंद के साथ आगे बढ़ें. यही सफलता का सबसे बड़ा मंत्र है.