भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Monsoon Car Care Tips: मानसून में रास्ते में धोखा न दे गाड़ी,...


जमशेदपुर. झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है और राज्य के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश शुरू हो गई है. बारिश का मौसम जहां लोगों को गर्मी से राहत देता है, वहीं कार मालिकों के लिए यह अतिरिक्त सावधानी बरतने का समय भी होता है. अगर समय रहते वाहन की कुछ जरूरी जांच करा ली जाए, तो बारिश के दौरान होने वाली कई परेशानियों और बड़े खर्चों से बचा जा सकता है.

बारिश के पहले करा लें कार का चेकअप
लोकल 18 को जानकारी देते हुए एएसएल मोटर्स की सर्विस हेड पूजा बताती हैं कि मानसून शुरू होने से पहले वाहन का बेसिक हेल्थ चेकअप जरूर करा लेना चाहिए. सबसे पहले वाइपर ब्लेड की जांच करें. अगर वाइपर शीशे को सही तरीके से साफ नहीं कर रहा है या आवाज कर रहा है, तो उसे बदलवा लें. बारिश के दौरान साफ विजिबिलिटी बेहद जरूरी होती है.

इसके अलावा बैटरी की स्थिति भी जांचना जरूरी है. बरसात में नमी बढ़ने के कारण कमजोर बैटरी अचानक जवाब दे सकती है. बैटरी के टर्मिनल साफ हैं या नहीं और उसकी चार्जिंग सही है या नहीं, इसकी जांच करवा लें.

पानी के रिसाव की समस्या न हो
हेडलाइट, टेललाइट, इंडिकेटर और फॉग लैंप भी पूरी तरह काम करनी चाहिए. बारिश और धुंध के दौरान अच्छी रोशनी सुरक्षित ड्राइविंग के लिए बहुत महत्वपूर्ण होती है. जिन वाहनों में सनरूफ है, उन्हें उसके ड्रेनेज पाइप और सील की भी जांच करवा लेनी चाहिए, ताकि पानी के रिसाव की समस्या न हो.

टायर और ब्रेक भी दिखवाएं
पूजा बताती हैं कि टायरों की स्थिति पर विशेष ध्यान देना चाहिए. टायर का ट्रेड पर्याप्त होना चाहिए, ताकि गाड़ी सड़क पर अच्छी पकड़ बनाए रख सके. घिसे हुए टायर फिसलन भरी सड़क पर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं. साथ ही टायर में सही एयर प्रेशर भी बनाए रखें.

कार के ब्रेक सिस्टम की जांच भी बहुत जरूरी है. अगर ब्रेक लगाने पर किसी प्रकार की आवाज आती है या ब्रेकिंग कमजोर महसूस होती है, तो तुरंत सर्विस सेंटर में दिखाएं. बारिश में सड़कें फिसलन भरी होती हैं, इसलिए मजबूत ब्रेकिंग सिस्टम बेहद जरूरी है.

वाहन के अंदर न जाए पानी
इंजन ऑयल, कूलेंट, विंडशील्ड वॉशर फ्लूइड और अन्य जरूरी फ्लूइड का स्तर भी चेक कर लें. बारिश के दौरान शीशे पर जमा गंदगी साफ करने के लिए वॉशर फ्लूइड पर्याप्त मात्रा में होना चाहिए. साथ ही दरवाजों और खिड़कियों की रबर बीडिंग की जांच करें, ताकि पानी वाहन के अंदर न आए.

कार में हमेशा रखें ये सामान
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि कार में हमेशा एक टॉर्च, छाता, टो रोप, फर्स्ट एड किट और आपातकालीन नंबरों की सूची रखें. अगर मानसून शुरू होने से पहले इन सभी बातों का ध्यान रखा जाए, तो वाहन सुरक्षित रहेगा, यात्रा आरामदायक होगी और भविष्य में होने वाले बड़े मरम्मत खर्चों से भी बचा जा सकेगा.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top