Last Updated:
Business Ideas: पलामू में किसान कोल्ड प्रेस ऑयल मिल लगाकर आय बढ़ा सकते हैं. यह कम पूंजी में शुरू होने वाला व्यवसाय है, जिसकी बाजार में हमेशा मांग रहती है. कोल्ड प्रेस तेल स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों की पसंद बन गया है.
पलामू: बदलते दौर में किसान खेती के साथ -साथ व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए कुछ मशीन को लगाकर अपने आय को बढ़ा सकते है. अगर आप कम पूंजी में ऐसा स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं, जिसकी बाजार में हमेशा मांग बनी रहे, तो कोल्ड प्रेस ऑयल मिल एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. बदलती जीवनशैली के बीच लोग अब रिफाइंड तेल की जगह शुद्ध और प्राकृतिक तेल को प्राथमिकता दे रहे हैं. यही वजह है कि कोल्ड प्रेस तकनीक से निकाले गए सरसों, तिल और मूंगफली के तेल की मांग लगातार बढ़ रही है. यह कारोबार न सिर्फ अच्छी आमदनी का जरिया बन रहा है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है.
कोल्ड प्रेस तकनीक से सुरक्षित रहता है तेल का पोषण
रवि भारती ने लोकल 18 को बताया कि पारंपरिक कन्वेंशनल एक्सपेलर मशीन में तेल निकालने के दौरान अधिक तापमान पैदा होता है. इससे तेल के कई प्राकृतिक पोषक तत्व और स्वाद प्रभावित हो जाते हैं. इसके विपरीत कोल्ड प्रेस मशीन सामान्य कमरे के तापमान पर तेल निकालती है, जिससे तेल में मौजूद प्राकृतिक पोषक तत्व, सुगंध और गुणवत्ता सुरक्षित रहती है. यही कारण है कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग अब कोल्ड प्रेस तेल को अधिक पसंद कर रहे हैं.
पहले होती है सरसों की सफाई
उन्होंने कहा कि तेल निकालने से पहले सरसों की अच्छी तरह सफाई की जाती है. इसमें डंठल, मिट्टी और अन्य अशुद्धियों को अलग किया जाता है. इसके बाद साफ सरसों को कोल्ड प्रेस मशीन में डाला जाता है. यह मशीन सिंगल क्रश प्रक्रिया में ही करीब 95 प्रतिशत तक तेल निकालने की क्षमता रखती है. पूरी प्रक्रिया बिना अधिक गर्मी के पूरी होती है, जिससे तेल की गुणवत्ता बनी रहती है.
एक घंटे में 120 किलो सरसों की होती है प्रोसेसिंग
साथ ही आगे बताया कि इस कोल्ड प्रेस मशीन की क्षमता भी काफी बेहतर मानी जाती है. करीब 4.5 लाख रुपये कीमत वाली यह मशीन एक घंटे में लगभग 120 किलोग्राम सरसों की प्रोसेसिंग कर 35 से 40 लीटर तक तेल निकाल सकती है. इससे कम समय में अधिक उत्पादन संभव हो जाता है, जिससे कारोबार की लागत भी नियंत्रित रहती है.
धीरे-धीरे बढ़ रहा कारोबार
उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह यूनिट सप्ताह में 4 दिन संचालित हो रही है. अभी प्रतिदिन लगभग 3 से 4 क्विंटल सरसों की पेराई हो रही है, लेकिन मांग लगातार बढ़ने के साथ उत्पादन बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है. बेहतर ब्रांडिंग, आकर्षक पैकेजिंग और स्थानीय बाजार के साथ ऑनलाइन बिक्री पर ध्यान दिया जाए तो कोल्ड प्रेस ऑयल मिल का यह व्यवसाय ग्रामीण युवाओं और किसानों के लिए लाभदायक स्टार्टअप बन सकता है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें