Last Updated:
झारखंड लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है. जिसमें कुल 2,204 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है. यह प्रारंभिक परीक्षा 19 अप्रैल को आयोजित की गई थी. जिसके माध्यम से कुल 103 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. पीटी परीक्षा में सफल रहे इन सभी अभ्यर्थियों के लिए अब मुख्य परीक्षा आगामी 18 से 20 जुलाई तक आयोजित की जाएगी.
जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम घोषित कर दिया है. झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट पर लगी रोक हटाए जाने के बाद आयोग ने यह परिणाम जारी किया है. इस परीक्षा में कुल 2,204 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है. गौरतलब है कि यह पीटी परीक्षा 19 अप्रैल को आयोजित की गई थी. जिसके माध्यम से कुल 103 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं.
18 से 20 जुलाई तक दो पालियों में होगी मुख्य परीक्षा
आयोग ने मुख्य (मेंस) परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया है. यह परीक्षा 18 से 20 जुलाई तक तीनों दिन दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी.
- 18 जुलाई: पहली पाली में प्रथम पत्र और दूसरी पाली में द्वितीय पत्र की परीक्षा होगी.
- 19 जुलाई: पहली पाली में तृतीय पत्र और दूसरी पाली में चतुर्थ पत्र की परीक्षा होगी.
- 20 जुलाई: पहली पाली में पंचम पत्र और दूसरी पाली में षष्ठम पत्र की परीक्षा ली जाएगी.
जेपीएससी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति
ऑनलाइन आवेदन शुरू, 9 जुलाई है अंतिम तिथि
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है. आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 जुलाई को शाम 5:00 बजे तक निर्धारित की गई है. आयोग ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं.
14 जुलाई तक कार्यालय में जमा करने होंगे दस्तावेज
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन की डाउनलोड की गई प्रति और उसमें दी गई जानकारियों के अनुसार सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों की स्पष्ट व स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति आयोग कार्यालय में जमा करनी होगी. इसे 14 जुलाई की शाम 5:00 बजे तक “परीक्षा नियंत्रक, झारखंड लोक सेवा आयोग, सर्कुलर रोड, रांची, 834001” के पते पर स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक या हाथों-हाथ अनिवार्य रूप से जमा कराना होगा. आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम में किसी भी प्रकार की टंकण या अन्य त्रुटि सामने आने पर सुधार का अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.