Last Updated:
फरीदाबाद की भीमसेन कॉलोनी में पहली ही बारिश ने स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोल दी. सीवर ओवरफ्लो होने से गलियां गंदे पानी से लबालब हैं, कई घरों में भी पानी घुस रहा है. बच्चों का स्कूल जाना और लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि दो साल से शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ.
फरीदाबाद: पहली ही बारिश से फरीदाबाद की भीमसेन कॉलोनी की तस्वीर स्मार्ट सिटी के दावों पर सवाल खड़े कर रही है. कॉलोनी की गलियों में सीवर का गंदा पानी भरा हुआ है. कई जगह हालात ऐसे हैं कि लोगों के लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है. सुबह के समय सीवर ओवरफ्लो होने से गलियां पूरी तरह गंदे पानी से भर जाती हैं. कई बार यह पानी लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच जाता है. सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और नौकरी पर जाने वाले लोगों को हो रही है.
1 जुलाई से स्कूल खुल चुके हैं, लेकिन कई बच्चों को गंदे पानी की वजह से स्कूल नहीं भेजा जा पा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परेशानी पिछले करीब दो साल से बनी हुई है. शिकायत करने पर सीवर की सफाई तो हो जाती है, लेकिन अगले ही दिन फिर वही हाल हो जाता है.
बरसात के दिनों में गलियों का बहुत बुरा हाल
Local18 से बातचीत में भीमसेन कॉलोनी की स्थानीय निवासी कमलेश बताती हैं यह बहुत पुरानी कॉलोनी है. बरसात के दिनों में गलियों का बहुत बुरा हाल हो जाता है. बिना बारिश के भी सीवर का गंदा पानी घरों में घुस जाता है. कई बार पानी बेड तक पहुंच जाता है. अभी बिना बारिश के ही ऐसे हाल हैं तो बरसात में क्या होगा. सुबह-सुबह गटर भर जाता है. निकलने में बहुत दिक्कत होती है. बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और कई बार छुट्टी करवानी पड़ती है.
स्थानीय निवासी विद्या बताती हैं कई बार नाली में जाली लगाकर पानी को रोक दिया जाता है. इसी वजह से नाली ओवरफ्लो हो जाती है और गंदा पानी गलियों में फैल जाता है.
कोई पक्का समाधान नहीं हो रहा
भीमसेन कॉलोनी की एक और स्थानीय निवासी कमलेश बताती हैं मकान गटर के सामने है. गटर का गंदा पानी कमरे के अंदर तक चला जाता है. शिकायत करने पर सुबह सीवर साफ कर दिया जाता है लेकिन शाम तक फिर भर जाता है. पिछले एक-दो साल से यही हालत है. कोई पक्का समाधान नहीं हो रहा. गंदगी और मल पानी के ऊपर तैरता रहता है जिससे बहुत परेशानी होती है.
घर में रहना भी मुश्किल हो गया है
स्थानीय निवासी हिमांशु बताते हैं मकान के सामने हमेशा गंदा पानी भरा रहता है. घर से निकलना मुश्किल हो जाता है. बदबू पूरे घर में फैल जाती है. पैदल निकलना संभव नहीं होता…बाइक या स्कूटी से ही जाना पड़ता है. घर में रहना भी मुश्किल हो गया है. जब से मोहना रोड पर एलिवेटेड पुल का निर्माण शुरू हुआ है तभी से यह समस्या बढ़ी है. सीवर विभाग की टीम आती है पानी निकालकर फोटो खींचती है और चली जाती है. अगले दिन फिर वही हाल हो जाता है.
पक्का समाधान किया जाए
स्थानीय निवासी पप्पी बताती हैं शादी को 25 साल हो गए और इतने समय से इसी कॉलोनी में रह रही हैं. परिवार भी कई सालों से यहीं रह रहा है. करीब दो साल पहले एलिवेटेड पुल का काम शुरू होने के बाद से यह परेशानी बढ़ गई. पार्षद दीपक यादव से भी कई बार शिकायत की गई. शिकायत के बाद सफाई की गाड़ी आ जाती है, लेकिन यह सिर्फ एक-दो दिन का समाधान होता है. अगले दिन फिर सीवर का गंदा पानी गलियों में भर जाता है. कॉलोनी के लोगों की मांग है कि इस समस्या का हमेशा के लिए पक्का समाधान किया जाए, ताकि लोगों को गंदगी और बदबू के बीच रहने के लिए मजबूर न होना पड़े.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें