![]()
भास्कर न्यूज | हजारीबाग इनरव्हील क्लब ऑफ युवा, हजारीबाग द्वारा सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकार की भावना के साथ सेवा संकल्प दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लब की ओर से विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस के अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों डॉ. इंद्रजीत कुमार सिन्हा व डॉ. संगीता रानी के सम्मान के साथ हुई। क्लब की अध्यक्ष सुधा वर्मा व अन्य सदस्यों ने पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट किए। दोनों चिकित्सकों की समाज के प्रति समर्पित सेवा और उत्कृष्ट योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात क्लब की सदस्याओं ने स्टेशन क्लब परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। सदस्यों ने कहा कि हरियाली बढ़ाना और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंतर्गत ट्रैफिक पुलिसकर्मियों का भी विशेष रूप से उत्साहवर्धन किया गया। मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए क्लब ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को छाते और पानी की बोतलें वितरित कीं। इस पहल का उद्देश्य विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करना था। उनका मनोबल बढ़ाना था। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष सुधा वर्मा ने कहा कि इनरव्हील क्लब ऑफ युवा भविष्य में भी समाजहित, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
Source link