![]()
भास्कर न्यूज| राजनगर राजनगर प्रखंड क्षेत्र के गोविंदपुर स्थित बाडु डुंगरी में रविवार को पारंपरिक आस्था, श्रद्धा, उत्साह के साथ जंताल पूजा का आयोजन किया गया। पूजा में 12 मौजा के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। क्षेत्र में अच्छी वर्षा, भरपूर फसल तथा सुख-समृद्धि की कामना की। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न इस धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा स्थल पर माथा टेककर गांव और क्षेत्र के लोगों की खुशहाली, शांति, समृद्धि के लिए प्रार्थना की। पूजा के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने बताया कि जंताल पूजा क्षेत्र की वर्षों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी 12 मौजा के ग्रामीण एकजुट होकर सामूहिक रूप से इस पूजा में शामिल हुए। ग्रामीणों का विश्वास है कि इस पूजा से प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा होती है। समय पर अच्छी वर्षा होती है। किसानों की फसल लहलहाती है। साथ ही क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि, आपसी भाईचारा बना रहता है। पूजा के सफल आयोजन में 12 मौजा के ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने एक साथ सामूहिक रूप से पूजा का प्रसाद ग्रहण किया।
Source link