Baruipur Rape-Murder Case: पश्चिम बंगाल के बरुईपुर रेप-मर्डर केस में बड़ा एक्शन हुआ है. 12 साल की बच्ची से दरिंदगी करने वाले रेपिस्ट का एनकाउंटर हो गया है. जी हां, बंगाल पुलिस ने बरुईपुर रेप और मर्डर के मुख्य आरोपी को आज यानी बुधवार को एनकाउंटर में गोली मारकर ढेर कर दिया. आरोपी का एनकाउंटर तब हुआ, जब उसे सीन रिक्रिएट करने के लिए क्राइम सीन पर ले जाया जा रहा था. आरोपी का नाम प्रभाष मंडल था.
पुलिस के मुताबिक, बरुईपुर रेप-मर्डर केस के आरोपी को पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली मारी. 12 साल की बच्ची की हत्या के आरोपी को क्राइम सीन को फिर से समझने के लिए घटना वाली जगह पर ले जाया गया था, तभी उसने कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी की सर्विस गन छीन ली और पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी. यह घटना मंगलवार देर रात की है.
पुलिस ने बताई एनकाउंटर की कहानी
पुलिस ने एनकाउंटर पर कहा, ‘रात करीब 12:45 बजे बरुईपुर पुलिस स्टेशन के केस नंबर 1350/26 के जांच अधिकारी अपनी टीम और आरोपी प्रभाष मंडल के साथ बरुईपुर पुलिस स्टेशन से निकले. वे बरुईपुर पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले सूर्यपुर में घटना वाली जगह पर क्राइम सीन का रिकंस्ट्रक्शन करने जा रहे थे. सूर्यपुर में घटना वाली जगह पर क्राइम सीन का रिकंस्ट्रक्शन शुरू करने से ठीक पहले आरोपी प्रभाष मंडल ने एक पुलिसकर्मी से हथियार छीन लिया. इसके बाद हमारी टीम पर एक राउंड गोली चलाई और मौके से भागने की कोशिश की. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी प्रभाष मंडल घायल हो गया और उसे तुरंत बारुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है.’
बरुईपुर रेप-मर्डर केस क्या है
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के बरुईपुर इलाके में 5 जुलाई को एक तालाब से 12 साल की लड़की का शव मिला था. वह 4 जुलाई से लापता थी. मृतक लड़की के परिवार वालों का आरोप है कि उसके साथ रेप हुआ और फिर उसकी हत्या कर दी गई. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस आरोप की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक और विसरा रिपोर्ट मिलने पर ही इसकी पुष्टि होगी. नाबालिग लड़की के शव का पोस्टमार्टम 5 जुलाई की रात को पूरा हुआ.
सोमवार, 6 जुलाई को बारुईपुर पुलिस जिले ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले तीन पुलिस थानों के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी. निषेधाज्ञा लागू होने के साथ ही, इन तीन पुलिस थानों के इलाकों में एक ही समय और जगह पर पांच या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. रविवार को बारुईपुर में एक तालाब से नाबालिग लड़की का शव मिलने के बाद तनाव फैल गया था.
पुलिस ने बताया कि क्या हुआ था उस दिन
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बरुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि आशंका है कि आरोपियों में से एक बच्ची को एक झोपड़ी में ले गया था, जहां दो अन्य आरोपी पहले से मौजूद थे और इसके बाद कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया गया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है. वहीं, जांचकर्ता फॉरेंसिक और विसरा की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.
पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपियों में से एक नाबालिग बच्ची को कथित तौर पर उस झोपड़ी में ले गया, जहां दो अन्य आरोपी पहले से मौजूद थे. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले तीनों आरोपियों ने नशीले पदार्थों का सेवन किया था. प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पीड़िता के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं. जांचकर्ता यह पता लगा रहे हैं कि ये चोटें कैसे लगीं. रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.’
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में क्या मिला
इस बीच, प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ‘एंटे-मॉर्टम डूबने’ के संकेत मिले हैं जिसका अर्थ है कि तालाब में फेंके जाने के समय बच्ची जीवित थी. जांचकर्ताओं का मानना है कि तालाब में फेंके जाने से पहले चोटों के कारण बच्ची बेहोश हो गई थी. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़ों और पेट में पानी मिलने का उल्लेख है, जिसकी जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि बच्ची को तालाब में फेंकने के बाद तीनों आरोपी अलग-अलग वहां से चले गए.
परिजन ने क्या कहा?
पीड़िता के माता-पिता द्वारा लगाए गए इस आरोप पर कि शनिवार को बच्ची के गुमशुदा होने के बाद बार-बार अनुरोध करने के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, डीजीपी ने कहा, ‘हम इस पहलू की भी जांच करेंगे. यदि यह पाया गया कि पुलिस की प्रतिक्रिया में देरी हुई थी, तो इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.’ लड़की का शव सुर्ज्यापुर हाट इलाके में एक बोरी में मिला था. रविवार को शव मिलने के कुछ घंटों बाद गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी.