Delhi-NCR Rain: दिल्ली एनसीआर में रात से ही लगातार बारिश हो रही है. हालांकि सुबह होते ही बारिश ने प्रचंड रूप ले लिया और मूसलाधार पानी बरसने लगा. इससे पूरे एनसीआर में सुबह कई घंटे तक अंधेरा छाया रहा. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार आसमान से करीब ढ़ाई घंटे में ही इतना पानी बरसा है, जितना मॉनसून आने के बाद से पिछले दो दिनों में नहीं बरसा. लगातार हो रही बारिश के चलते दिल्ली सहित गुड़गांव, की सड़कें पानी से लबालब भर गई हैं.ऐसे में अब ट्रैफिक जाम की टेंशन बढ़ गई है.
भारत मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 9 जुलाई की सुबह करीब 3 घंटे में काफी ज्यादा पानी बरसा है. सुबह ढ़ाई बजे से सुबह साढ़े 5 बजे तक कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई. वहीं अभी भी आईएमडी ने पूरे दिन भारी बारिश का अनुमान जताया है. गुरुवार को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, सोनीपत, बागपत सहित कई शहरों में मॉडरेट बारिश होने का अनुमान है.
दिल्ली एनसीआर में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जहां प्रदूषण और गर्मी से राहत मिली है वहीं ज्यादा पानी बरसने और उसकी पर्याप्त निकासी न होने से कई इलाकों में जलभराव हो गया है. सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा है. हाईवे से लेकर आम सड़कों पर ट्रैफिक धीमा हो गया है.
वहीं मौसम विभाग ने अगले दो घंटों के लिए भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक दिल्ली, NCR, गन्नौर, सोनीपत, खरखोदा (हरियाणा), बरौत, बागपत, खेकड़ा (यूपी) में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ हल्की बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है.
जबकि हरियाणा के यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, करनाल, राजौंद, असंध, सफीदों, बरवाला, जींद, पानीपत, गोहाना, रोहतक, सोहाना, पलवल, नूह और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, गंगोह, देवबंद, नजीबाबाद, शामली, मुजफ्फरनगर, कंधला, बिजनौर, खतौली, सकौती टांडा, हस्तिनापुर, चंदपुर, दौड़ाला, मेरठ, मोदी नगर, किठौर, अमरोहा, गढ़मुक्तेश्वर, पिलखुवा, हापुड़, गुलौती, सियाना, संभल, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद, अनूपशहर, बहजोई, शिकारपुर, खुर्जा, पहासु, देबाई, नरोरा, गभाना, जट्टारी, अतरौली, खैर, अलीगढ़, इगलास, सिकंदरा राव, हाथरस, जलेसर आदि इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ हल्की गरज और बिजली चमकने की संभावना है.