Last Updated:
Jharkhand Land Circle Rate Hike: झारखंड के ग्रामीण इलाकों में जमीन के सर्किल रेट में 5-10% बढ़ोतरी हो सकती है. जिला प्रशासन ने सोमवार से नए मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. ऐसे में अब सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को ध्यान में रखकर नई दरें तय की जाएंगी.
रांची के ग्रामीण इलाकों में जमीन का सर्किल रेट 5 से 10% तक बढ़ सकता है ( एआई फोटो )
रांची: झारखंड के ग्रामीण इलाकों में जमीन खरीदने और बेचने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन के सर्किल रेट (न्यूनतम सरकारी दर) में जल्द ही बढ़ोतरी हो सकती है. जिला प्रशासन ने राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देश पर जमीन के नए मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके तहत सोमवार से मौजावार (मौजा-वार) जमीन का मूल्यांकन किया जा रहा है. इस प्रक्रिया के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन के सर्किल रेट में 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है.
बाजार मूल्य के आधार पर तय होगी नई दर
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मौजा-वार सर्वे के दौरान संबंधित क्षेत्रों में जमीन के मौजूदा बाजार मूल्य, खरीद-बिक्री के आंकड़े, सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को ध्यान में रखकर नई दरें तय की जाएंगी, जिन इलाकों में पिछले कुछ सालों से तेजी से विकास हुआ है या जमीन की मांग बढ़ी है, वहां सर्किल रेट में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि की संभावना की गई है.
अब खरीद-बिक्री पर पड़ेगा बड़ा असर
बता दें कि सर्किल रेट बढ़ने के बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने पर स्टांप शुल्क और रजिस्ट्रेशन फीस भी बढ़ सकती है. ऐसे में नए सर्किल रेट लागू होने के बाद जमीन खरीदने वालों को पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ सकता है. हालांकि सरकार का मानना है कि वास्तविक बाजार मूल्य के अनुरूप सर्किल रेट होने से राजस्व संग्रह में भी वृद्धि होगी और जमीन के लेन-देन में पारदर्शिता आएगी.
जिला प्रशासन ने तेज की तैयारी
राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने मूल्यांकन की तैयारी तेज कर दी है. वहीं, इससे संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मौजा-वार सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है. जहां रिपोर्ट के आधार पर नए सर्किल रेट का प्रस्ताव तैयार होगा, जिसे विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद लागू किया जाएगा. ऐसे में माना जा रहा है कि नई दरें लागू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन की सरकारी कीमतें मौजूदा बाजार दरों के अधिक करीब पहुंच जाएंगी.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें