![]()
बोकारो पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एक विधि-विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि 1 जुलाई को हरला थाना क्षेत्र के बीएसएल सेक्टर-9/डी से सुदेश कुमार की अपाची बाइक चोरी हुई थी। इस संबंध में हरला थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मिले सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने धनबाद के कतरास निवासी अरमान कुमार यादव उर्फ अमन कुमार (23) को गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चोरी की बाइक खरीदने और बेचने का काम करता था। इस मामले में एक विधि-विरुद्ध किशोर की संलिप्तता भी पाई गई, जिसे निरुद्ध किया गया है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और चोरी की गई अन्य बाइकों की बिक्री के स्थानों का पता लगाने में जुटी है।
Source link