![]()
भास्कर न्यूज | दुमका दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने शुक्रवार को निर्माणाधीन ट्राइबल म्यूजियम का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी के प्रतिनिधियों ने उन्हें निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त को अवगत कराया गया कि ट्राइबल म्यूजियम का निर्माण कार्य नवंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। यह म्यूजियम राज्य की समृद्ध आदिवासी विरासत, संस्कृति, परंपराओं एवं इतिहास को संरक्षित करने तथा प्रदर्शित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा, जिसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को आदिवासी समाज की गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर से परिचित होने का अवसर प्राप्त होगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने का निर्देश दिया और कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए तथा निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्धारित समयावधि के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने का निर्देश दिया, ताकि यह महत्वाकांक्षी परियोजना शीघ्र आमजन के लिए समर्पित की जा सके। भास्कर न्यूज | दुमका उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 12 जुलाई तक ईएफ (एन्यूमरेशन फॉर्म) का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों तथा कर्मियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य-प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ईएफ के वितरण के साथ उसके संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन कार्यों में भी तेजी लाने को कहा। इससे मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारू तथा पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकेगा। ईआरओ तथा एईआरओ को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया। बूथ स्तर पर प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
Source link