![]()
जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ। पाबिया से काशीटॉड जाने वाली मुख्य सड़क पर पुल के पास नदी किनारे शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 6 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान पाबिया पंचायत के पतीयोरडीह गांव निवासी अशोक रवानी (35) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने युवक की हत्या कर शव को नदी किनारे फेंकने की आशंका जताई है। मृतक के चेहरे और मुंह पर चोट के कई निशान मिले हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।
Source link