![]()
गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में एक बुजुर्ग दंपती पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इस हमले में बुजुर्ग महिला जटी खड़याईन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति बुधा खडिया गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शुक्रवार को टिभू टोली गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, बहुर खडिया के साले शत्रु खडिया, जो कोलेंग पंचायत के गुड़मा टांगर टोली का निवासी है, ने घर में घुसकर दंपती पर ताबड़तोड़ हमला किया और फरार हो गया। घटना की सूचना समाजसेवी प्रेमचंद उरांव और भूषण सिंह ने पालकोट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंकित राज, एसआई विश्वजीत चेतन, एसआई रामचंद्र यादव और सशस्त्र बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बहुर खडिया, बेला देवी और समीर कुल्लू को हिरासत में ले लिया। बेला देवी के घर से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (धौली) भी बरामद कर जब्त कर लिया गया है। गंभीर रूप से घायल बुधा खडिया को 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल गुमला भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका की केवल बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। मृतका के भतीजे रोशन केरकेट्टा ने हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई है और अन्य कारणों की भी जांच की मांग की है। थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि मुख्य आरोपी शत्रु खडिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Source link