Last Updated:
CM Suvebdu Adhikari Offers to Mamata Banerjee : पश्चिम बंगाल के बांकुरा में नए स्टील प्लांट की आधारशिला रखते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा तंज कसा है. सुवेंदु ने ममता को प्लांट का दौरा करने का न्योता देते हुए कहा कि वह उनके सफर के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर का भी इंतजाम कर देंगे.
बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को दिया हलीकॉप्टर का ऑफर!
बांकुरा. पश्चिम बंगाल की राजनीति में शह-मात का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच की राजनीतिक अदावत एक बार फिर जगजाहिर हो गई है. बांकुरा के मेजिया में श्याम स्टील फैक्ट्री की एक नई यूनिट के शिलान्यास समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर सीधा और बेहद तीखा हमला बोला. सुवेंदु ने न केवल ममता बनर्जी को बांकुरा आकर इस नए प्लांट को देखने की सलाह दी, बल्कि तंज कसते हुए यहां तक कह दिया कि चूंकि अब उनके पास काफी खाली समय है, इसलिए अगर वह चाहें तो वह उनके लिए सरकारी हेलीकॉप्टर तक मुहैया करा देंगे.
इस अनोखे और राजनीतिक रूप से बेहद आक्रामक प्रस्ताव के बाद बंगाल की सियासत में बाहरी बनाम भीतरी का पुराना मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बिना वक्त गंवाए ममता बनर्जी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा, ‘मैं पूर्व मुख्यमंत्री से कहूंगा कि अब आपके पास काफी समय है. आप आकर इस फैक्ट्री को जरूर देखें. क्या आप जानते हैं कि मैं ऐसा क्यों कह रहा हूं? वे जरा सी बात पर हिंदी भाषी लोगों और मारवाड़ी समुदाय को ‘बाहरी’ करार देते हैं और दावा करती हैं कि वे बंगाल को गुजरात या उत्तर प्रदेश नहीं बनने देंगे. उन्हें आकर देखना चाहिए कि जिन्हें वे बाहरी कहती हैं, उन्होंने बंगाल के विकास में क्या योगदान दिया है.’
ममता बनर्जी ने वीडियो मैसेज जारी कर पश्चिम बंगाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. (फाइल फोटो)
सुवेंदु का ममतो को हेलीकॉप्टर वाला ऑफर
सुवेंदु ने आगे कहा कि अगर ममता बनर्जी को बांकुरा आने में कोई असुविधा है, तो वे सिर्फ उन्हें सूचित कर दें. सरकार की तरफ से उनके लिए सरकारी हेलीकॉप्टर का इंतजाम कर दिया जाएगा ताकि वे खुद आकर इस फैक्ट्री और इसके अंदर के माहौल को देख सकें.
क्यों सुवेंदु अधिकारी ने दिया यह प्रस्ताव?
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे इस स्टील प्लांट के परिसर के भीतर की व्यवस्थाओं और वहां की संस्कृति को देखकर बेहद प्रभावित हुए हैं. इस फैक्ट्री परिसर के अंदर राधा-कृष्ण और भगवान शिव के भव्य मंदिर स्थापित किए गए हैं. इसके साथ ही एक बड़ी गौशाला भी बनाई गई है और चारों तरफ हरियाली का विशेष ध्यान रखा गया है. इस फैक्ट्री के भीतर बंगाल की दो महानतम विभूतियों विश्वकवि रवींद्रनाथ टैगोर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की विशाल मूर्तियां लगाई गई हैं.
‘गुजरात-यूपी’ और बाहरी-भीतरी की राजनीति पर छिड़ी जंग
सुवेंदु ने कहा कि जो लोग इन उद्यमियों को ‘बाहरी’ कहकर राजनीति करते हैं, उन्हें यह देखना चाहिए कि ये लोग बंगाल की संस्कृति और महापुरुषों को कितना सम्मान दे रहे हैं. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल के दौरान अक्सर बीजेपी और हिंदी भाषी व्यापारियों पर ‘बाहरी’ होने का आरोप लगाया जाता रहा है. टीएमसी का नारा रहा है कि वे बंगाल को कभी भी उत्तर प्रदेश या गुजरात नहीं बनने देंगे. सुवेंदु अधिकारी ने इसी नैरेटिव को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए बांकुरा के इस स्टील प्लांट को एक ढाल की तरह इस्तेमाल किया है.