सेक्टर-6 थाना क्षेत्र के सेक्टर-5 मार्केट स्थित एक आवास में शुक्रवार को एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में स्थानीय पुलिस ने बताया कि मृतका पटना की रहने वाली थी और हाल ही में नीट की दोबारा परीक्षा देकर दो दिन पहले अपनी बड़ी बहन के घर बोकारो आई थी। घटना के समय बड़ी बहन अपने बच्चे को स्कूल से लेने गई थी, जबकि छोटी बहन बाजार गई हुई थी। इसी दौरान युवती ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ और दरवाजा तोड़ने के लिए आसपास के लोगों को बुलाया गया व पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवती को फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद लोकल परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने पटना के रहने वाले परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी। फिलहाल सेक्टर-6 पुलिस ने यूडी केस दर्ज की है, साथ ही सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। इसके लिए परिजनों का बयान लेने की तैयारी में जुटी है।
Source link