![]()
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। यह घटना बोलायडीह शीतला मंदिर के पास हुई। मृतक की पहचान गोपपाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा के रूप में हुई है। एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने इसकी पुष्टि की। जानकारी के अनुसार, चार से पांच हमलावरों ने जगन्नाथ गोप पर धारदार हथियार से हमला किया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर और गम्हरिया थाना की पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई सोनू गोप ने शिवम प्रामाणिक, शिबू और गणेश समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सोनू गोप के अनुसार, शनिवार सुबह जगन्नाथ और गणेश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद प्रेम नायक नामक युवक जगन्नाथ को घर से बुलाकर ले गया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ गोप की पत्नी पार्वती गोप का लगभग डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था। उनके परिवार में आठ वर्षीय पुत्र रीतेश गोप और दो वर्षीय पुत्री रेशमी गोप हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ ने भी घटनास्थल का दौरा कर जांच की निगरानी की। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Source link