![]()
भास्कर न्यूज | डंडई डंडई शहरी फीडर से चार टोले की बिजली लाइन हटाकर ग्रामीण फीडर में जोड़ दिए जाने से स्थानीय बिजली उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। शनिवार को देवी धाम स्थित कर्पूरी चौपाल के समीप बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता एकत्रित हुए और विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान चंद्रशेखर प्रसाद, राजेश प्रसाद गुप्ता, रविंद्र गुप्ता, गफ्फार शेख, कामता प्रसाद, साबिर अंसारी, मोतीलाल प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, सत्येंद्र प्रसाद गुप्ता, कमलेश प्रजापति, अयोध्या गुप्ता, सोमनाथ प्रजापति, सुभाष कुमार सहित अन्य उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि डंडई पावर सबस्टेशन के कर्मियों ने विभाग से नए पोल और तार की मांग करने के बजाय शहरी फीडर के देवी धाम, अकड़ी, ठाकुर टोला एवं पश्चिम टोला की बिजली लाइन काटकर ग्रामीण फीडर लवाही कला से जोड़ दी है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे डंडई शहरी फीडर का एक हिस्सा नियमित बिजली प्राप्त कर रहा है, जबकि उक्त चारों टोले के लोग लगातार बिजली संकट झेल रहे हैं। उनका आरोप है कि लवाही-रारो-पचौर ग्रामीण फीडर में बार-बार फॉल्ट आने के कारण इन टोले में बिजली आपूर्ति अक्सर बाधित रहती है। कई बार 48 से 72 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहती है, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही घरेलू विद्युत उपकरण बंद पड़े रहते हैं और भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली सबस्टेशन के कर्मी उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर वे मोबाइल फोन तक रिसीव नहीं करते तथा स्थानीय होने का लाभ उठाकर अपने निजी कार्यों में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कर्मी नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण भी नहीं करते, जिससे छोटी-छोटी समस्याएं भी लंबे समय तक बनी रहती हैं। उपभोक्ताओं ने विभाग से चारों टोले की बिजली व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त करने तथा लापरवाह कर्मियों का डंडई पावर सबस्टेशन से अन्यत्र स्थानांतरण करने की मांग की है। मामले में कनीय अभियंता कमल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हो गया है और मामला विभाग के संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 10 से 12 बिजली पोल तथा 11 हजार वोल्ट का तार लगाने की आवश्यकता है। वर्तमान में विभाग के पास पोल एवं तार उपलब्ध नहीं हैं। सामग्री उपलब्ध होते ही आवश्यक कार्य कराकर लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। भास्कर न्यूज |खरौंधी प्रखंड अंतर्गत खरौंधी पंचायत के बजरमरवा टोला में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए युवा समाजसेवी धर्मेंद्र यादव ने अपने निजी खर्च से सड़क की मरम्मत कराकर जनसेवा की अनूठी मिसाल पेश की है। उन्होंने बजरमरवा मस्जिद से खुरधन पहाड़ी तक करीब 300 फीट सड़क पर लगभग 400 ट्रैक्टर मोरम गिरवाकर जेसीबी मशीन से समतलीकरण का कार्य कराया, जिससे बरसात के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है।धर्मेंद्र यादव ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती थी। पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था, जबकि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों एवं किसानों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग की, लेकिन कोई पहल नहीं हुई।उन्होंने कहा कि जब ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया तो उन्होंने सरकारी सहायता का इंतजार करने के बजाय अपने निजी खर्च से सड़क की मरम्मत कराने का निर्णय लिया। इसके तहत लगभग 400 ट्रैक्टर मोरम गिरवाकर जेसीबी मशीन से सड़क को समतल कराया गया। इससे अब लोगों का आवागमन पहले की अपेक्षा काफी सुगम हो गया है और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।धर्मेंद्र यादव की इस पहल की ग्रामीणों ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी जनहित के ऐसे कार्यों में आगे आना चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं होती तो बरसात में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता।मरम्मत कार्य के दौरान शाहिद अंसारी, हरिद्वार यादव, इदरीश अंसारी, अली हुसैन अंसारी, सुधु यादव, अहमद रज़ा, सौल अंसारी, मुस्तफा अंसारी, इस्लामुद्दीन, खुर्शीद अंसारी, अहमद अंसारी, उदय प्रसाद गुप्ता, कयामुद्दीन अंसारी, कदीर अंसारी, हकीमुद्दीन अंसारी, आफताब आलम, नसीम अंसारी, इंद्रजीत यादव एवं आबिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में बरसात के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं समाजसेवी धर्मेंद्र यादव ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में हर सक्षम व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
Source link