भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंज उठा कोडरमा! पहली रथ यात्रा में...


Last Updated:

झुमरी तिलैया में पहली बार इस्कॉन के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई. सुभाष चौक से मौसीबाड़ी तक निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए. बारिश के बावजूद भक्तों का उत्साह चरम पर रहा.भजन-कीर्तन, जयघोष और रथ खींचने की आस्था ने शहर को भक्तिमय बना दिया.

कोडरमा. झुमरी तिलैया में पहली बार इस्कॉन के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया. इस ऐतिहासिक अवसर पर शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया. सुंदर ढंग से सुसज्जित भव्य रथ पर भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा विराजमान थे, जिनके दर्शन के लिए पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. रथ यात्रा का शुभारंभ सुभाष चौक से हुआ.

इस दौरान कोडरमा की विधायक डॉ. नीरा यादव भी रथ यात्रा में शामिल हुईं और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया. यात्रा सुभाष चौक से निकलकर कोडरमा स्टेशन, झंडा चौक होते हुए महाराणा प्रताप चौक स्थित संकट मोचन मंदिर (मौसीबाड़ी) पहुंची. जहां भगवान जगन्नाथ का विशेष स्वागत किया गया.

रथ यात्रा के दौरान हुई बारिश लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं
रथ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं में रथ खींचने की होड़ दिखाई दी. महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी श्रद्धा के साथ रथ की रस्सी पकड़कर भगवान के रथ को खींचते नजर आए. यात्रा के दौरान जय जगन्नाथ और हरि बोल के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा. भजन-कीर्तन और संकीर्तन के बीच श्रद्धालु भगवान की भक्ति में पूरी तरह सराबोर दिखे. रथ यात्रा के दौरान बारिश भी हुई. लेकिन इससे श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई. बारिश के बीच भी भक्त पूरे जोश और आस्था के साथ रथ के साथ चलते रहे और भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए मौसीबाड़ी तक पहुंचे. श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा.

जिले के धार्मिक सांस्कृतिक इतिहास में जुड़ा नया अध्याय
इस्कॉन के पदाधिकारियों ने बताया कि झुमरी तिलैया में पहली बार आयोजित इस रथ यात्रा का उद्देश्य भगवान जगन्नाथ की भक्ति और सनातन संस्कृति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है. आयोजन को सफल बनाने में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पहली बार आयोजित इस भव्य रथ यात्रा ने झुमरी तिलैया के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया. श्रद्धालुओं ने इसे अविस्मरणीय आयोजन बताते हुए भविष्य में भी इसी तरह हर वर्ष रथ यात्रा आयोजित करने की कामना की.

श्रद्धालुओं ने व्यक्त किए अपने अनुभव
रथ यात्रा में शामिल 70 वर्षीय विजय पांडेय ने बताया कि कोडरमा में हर वर्ष भव्य कांवड़ पदयात्रा का भी आयोजन होता है. जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं. लेकिन इस बार जिस प्रकार से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी उसने एक नया रिकॉर्ड बना दिया. रामानुज सिंह ने कहा कि आज आयोजित इस भव्य रथ यात्रा ने सनातन संस्कृति और जागृति का सशक्त संदेश दिया है.

बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में धार्मिक आस्था और एकता लगातार मजबूत हो रही है. रथ यात्रा में शामिल श्रद्धालु सुमन रानी ने बताया कि शुरुआत में भीड़ देखकर उन्हें लगा था कि शायद वह रथ तक नहीं पहुंच पाएंगी. लेकिन भगवान की कृपा से उन्हें रथ खींचने का सौभाग्य मिला. उन्होंने श्रद्धा और भक्ति के साथ रथ खींचकर स्वयं को धन्य महसूस किया. उनके साथ उनके पति अनिल कुमार ने भी रथ खींचकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया.

About the Author

Amit Singh

8 वर्षों से पत्रकारिता में अग्रसर. इलाहबाद विश्वविद्यालय से मास्टर्स इन जर्नालिस्म की पढ़ाई. अमर उजाला, दैनिक जागरण और सहारा समय संस्थान में बतौर रिपोर्टर, उपसंपादक औऱ ब्यूरो चीफ दायित्व का अनुभव. क्राइम, खेल, …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top