![]()
भास्कर न्यूज |लोहरदगा जिले में रविवार दोपहर करीब 2 बजे बाद हुई मूसलाधार बारिश से दो अलग-अलग दृश्य देखने को मिले। जहां एक ओर बारिश के बाद किसान राहत की सांस लेते हुए खेतों पर नजर आए। वहीं मूसलाधार बारिश से उत्पन्न हुई समस्याओं के बीच लोगों को शहरी क्षेत्र में परेशानियों से जूझते देखा गया। बारिश के बाद शहरी क्षेत्र के मेन रोड और एनएच 143 ए में नालियों का गंदा पानी बहने से परेशानियां उत्पन्न हो गई। कई जगहों पर तो सड़कों पर कमर तक पानी भर आए। समय-समय पर साफ सफाई को लेकर सजकता नहीं दिखाई का जाने के कारण अधिकांश जाम पड़ी नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा। शहर के न्यू आजाद बस्ती इलाके में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गई। तो हिंडाल्को गेट के समक्ष मुख्य पथ पर आवागमन मुश्किल हो गई। वही 143 ए में ब्लॉक मोड़ के समय तालाब जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई जहां नालियों का गंदा पानी कई दुकानों के अंदर घुस गया। जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। तेज बारिश के बाद करीब 20 से 25 घरों में पानी घुस गया। जिससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घरों में कमर तक पानी भर गया और लोगों को जान बचाने के साथ-साथ घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। कई परिवारों का राशन, बिस्तर, फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य जरूरी सामग्री पानी में डूबकर खराब हो गई। वहीं कुछ दोपहिया वाहन एवं अन्य सामान भी तेज बहाव में बह जाने की सूचना है। स्थानीय लोगों में इरफान अंसारी, शोएब खान, अकबर खान, सरुख खान, आसिफ खान सहित कई परिवारों के घरों में अचानक पानी घुस गया। जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई परिवारों को पड़ोसियों की मदद से सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। मोहल्लेवासियों ने जलभराव के लिए नगर परिषद की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि न्यू आजाद बस्ती के समीप स्थित पुल पूरी तरह जलकुंभी और कचरे से जाम हो चुका है, जिसके कारण बारिश का पानी आगे नहीं निकल सका और पूरी बस्ती में फैल गया। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समय पर सफाई नहीं कराई गई, जिसका खामियाजा अब स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से अविलंब पुल और नालों की सफाई कराने, जलकुंभी हटाने तथा प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी बारिश में न्यू आजाद बस्ती का बड़ा हिस्सा पूरी तरह जलमग्न हो सकता है, जिससे जन-धन की और अधिक क्षति होने की आशंका है। इधर बारिश के बाद जिले का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री हो गया है। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद 100 एमएम बारिश का रिकॉर्ड अबतक जुलाई माह में दर्ज किया गया।
Source link