रांची: झारखंड में आज मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने वाला है. आज झारखंड के अधितन जिलों में दिनभर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, दक्षिणी, मध्य और पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक, तेज हवा (30–40 किमी/घंटा) और वज्रपात की आशंका जताई गई है. रांची मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है. वहीं, रांची, बोकारो, जमशेदपुर समेत 13 जिलों में बारिश का तांडव देखने को मिल सकता है.
झारखंड में आज यहां होगी सबसे ज्यादा बारिश
आज रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़, धनबाद, देवघर, दुमका और हजारीबाग में अच्छी बारिश हो सकती है. वहीं, कुछ जिलों में तेज बारिश के एक-दो दौर भी देखने को मिल सकते हैं. इसके अलावा गिरिडीह में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है. आज तेज हवाओं के साथ आंधी चल सकती है.
झारखंड में आज बारिश का अलर्ट
झारखंड में यहां है वज्रपात का खतरा
आज रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना अधिक है. इन जिलो में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है. ऐसे में किसानों और खुले मैदानों में काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
आज झारखंड में यहां रहेगा सबसे सुहावना मौसम
झारखंड में बारिश और ठंडी हवाओं के कारण आज रांची, नेतरहाट, गुमला, सिमडेगा और खूंटी का मौसम सबसे अधिक सुहावना रहने की संभावना है. इन जिलों में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलेगी. वहीं, शाम के समय ठंडी हवा और हरी-भरी वादियां आरामदायक महसूस होंगी.
बता दें कि बारिश कम होने वाले पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिलों में आज अपेक्षाकृत अधिक गर्मी और उमस महसूस हो सकती है. इन जिलों में अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि झारखंड के अधिकांश जिलों में तापमान 27-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
जानें आज झारखंड का AQI कैसा रहेगा?
झारखंड में हो रही लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण राज्य के अधिकतम शहरों की वायु गुणवत्ता अच्छी से संतोषजनक श्रेणी में रहने की संभावना है. जहां रांची का AQI लगभग 35-50, जमशेदपुर की AQI लगभग 45-60, धनबाद का AQI लगभग 55-70 और बोकारो का AQI लगभग 45-60 तक रहने वाला है.
कल झारखंड में यहां हुई थी बारिश
बता दें कि 20 जुलाई को रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह, रामगढ़, खूंटी और आसपास के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा रांची क्षेत्र में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा हुई. इससे तापमान में गिरावट आई और मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा.