![]()
हजारीबाग के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के बरकनगांगो गांव में जंगली हाथियों के हमले में किसान चिंतामणि साव की मौत हो गई। मंगलवार सुबह उनका शव गांव के पास खेत में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार चिंतामणि साव सोमवार दोपहर करीब तीन बजे अपने खेत देखने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, पर देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने खेत के पास उनका शव देखा। आशंका जताई जा रही है कि जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचलकर मार डाला। हाथियों की दहशत से सहमे ग्रामीण घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। विभाग ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सरकार द्वारा निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से जंगली हाथियों का झुंड बरकनगांगो और आसपास के गांवों में घूम रहा है। हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं, जिससे सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार सूचना देने के बावजूद हाथियों को आबादी से दूर सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। ग्रामीणों का प्रदर्शन, मुआवजे और सुरक्षा की मांग घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों की लगातार निगरानी, आबादी वाले क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने और प्रभावित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कहा है कि अकेले जंगल या खेत की ओर न जाएं तथा हाथियों की गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। उल्लेखनीय है कि इस महीने बरकट्ठा प्रखंड में हाथी हमले में यह तीसरी मौत है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
Source link